ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRघर में सो रही युवती पर फेंका तेजाब, झुलसी

घर में सो रही युवती पर फेंका तेजाब, झुलसी

कैला भट्टा के एक घर में सोमवार आधी रात को घुसकर अज्ञात युवक ने युवती पर तेजाब डाल दिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया। युवती को एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।...

घर में सो रही युवती पर फेंका तेजाब, झुलसी
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 21 Mar 2017 07:30 PM
ऐप पर पढ़ें

कैला भट्टा के एक घर में सोमवार आधी रात को घुसकर अज्ञात युवक ने युवती पर तेजाब डाल दिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया। युवती को एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से घायल युवती को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। एसपी सिटी का कहना है कि युवती के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

कैला भट्टा के मरकज रोड निवासी जलील कुरैशी कैब चालक हैं। वह अपने परिवार के साथ रहते हैं। सोमवार रात को उनकी छोटी बेटी 19 वर्षीया गुलिस्तां आंगन में खाट पर सो रही थी और घर के अंदर मां-पिता व दोनों भाई सो रहे थे। रात करीब दो बजे एक अज्ञात युवक घर के पीछे खाली प्लॉट की तरफ से छत पर चढ़ गया और गुलिस्तां पर तेजाब डाल दिया। गुलिस्तां के चिल्लाने पर घर वाले जाग गए। तेजाब से उसके चेहरे और शरीर पर गहरा जख्म हो गया था। परिजन तुरंत ही उसे एमएमजी अस्पताल ले गए। डॉक्टरों के मुताबिक वह 80 फीसदी तक जल गई है।

तीन महीने बाद है शादी

गुलिस्तां के भाई आरिफ कुरैशी ने बताया कि उसकी शादी तीन महीने बाद होने वाली थी। वह दसवीं तक पढ़ी है और खुर्जा के एक युवक के साथ उसका रिश्ता हुआ है। परिवार के लोगों का कहना है कि इस घटना के बाद गुलिस्तां की जिंदगी बर्बाद हो गई। घर के लोग भी सहमे हुए हैं। घर के लोगों को यह नहीं पता कि इस घटना को किसने अंजाम दिया।

17 मार्च को हुई थी बड़ी बहन की शादी

गुलिस्तां की बड़ी बहन की शादी 17 मार्च को ही हुई थी। घर में अभी भी कुछ मेहमान रुके हुए थे। गुलिस्तां के भाई आरिफ ने बताया कि रात करीब दो बजे उसकी चीख सुनकर परिवार के लोग आंगन में पहुंचे तो देखा कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उस पर तेजाब डाल दिया है। तेजाब इतनी ज्यादा मात्रा में डाला गया था कि उसका शरीर काफी झुलस गया था। तेजाब से रजाई, बिस्तर और कपड़े भी जल गए थे। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद तेजाब की कैन फेंककर फरार हो गया।

छत के रास्ते घुसा आरोपी

पुलिस का कहना है कि गुलिस्तां के घर के पीछे खाली प्लॉट और टूटी हुई दीवार हैं। घटना के वक्त दरवाजा बंद था और आरोपी के घुसने का एक ही रास्ता पीछे की तरफ से है। घर के पीछे की दीवार पर एक युवक के पैर के निशान भी हैं। पुलिस आशंका जता रही है कि इस घटना में आसपास के ही लोग शामिल हैं।

तेजाब पीड़िता का इलाज सफदरजंग अस्पताल में चल रहा है। परिवार की तरफ से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। अभी तक परिवार के लोगों ने किसी पर शक नहीं जताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी का पता लगा रही है।

सलमान ताज पाटिल, एसपी सिटी

जनपद में हैं सात तेजाब पीड़िताएं

प्रशासन के आकड़ों में जिले में सात तेजाब पीड़िताएं हैं। इसमें सोनिया चौधरी, पिंकी राबिया, बिन्नी खन्ना, शाइना परवीन, सोना, बृजबाला और सविता शामिल हैं। इनमें से सोनिया चौधरी लोहा मंडी कविनगर की रहने वाली हैं और मौजूदा समय आगरा के रेस्तरां के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें