फोटो गैलरी

Hindi Newsआपके बारे में क्या कहता है आपका घर!

आपके बारे में क्या कहता है आपका घर!

हर महिला की पसंद-नापसंद अलग होती है। कोई किचन पर विशेष रूप से ध्यान देती है, तो किसी को घर सजाने में मजा आता है, किसी का बागवानी में मन लगता है, तो कोई गीत-संगीत की शौकीन होती है। आप जिस तरह से घर...

आपके बारे में 
क्या कहता है आपका घर!
लाइव हिन्दुस्तान टीमWed, 08 Feb 2017 06:48 PM
ऐप पर पढ़ें

हर महिला की पसंद-नापसंद अलग होती है। कोई किचन पर विशेष रूप से ध्यान देती है, तो किसी को घर सजाने में मजा आता है, किसी का बागवानी में मन लगता है, तो कोई गीत-संगीत की शौकीन होती है। आप जिस तरह से घर रखती हैं, उससे पता चलता है कि आपकी पर्सनालिटी कैसी है।

गंदा बाथरूम : महत्वाकांक्षा की कमी


गंदा बाथरूम आपकी छवि खराब करता है। जो व्यक्ति अपना बाथरूम साफ नहीं रख पाते और घर की साफ-सफाई पर ध्यान नहीं देते, वे जीवन की कई महत्वपूर्ण चीजों को गंभीरता से नहीं लेते। ऐसे व्यक्ति अपने लक्ष्यों को पाने के लिए भी सजग नहीं होते और जीवन में आगे बढ़ने को लेकर मेहनत नहीं करते। 

भरा-पूरा किचन : व्यवस्थावादी हैं आप

जो व्यक्ति जीवन में व्यवस्थित होता है, उसे जिम्मेदारियां संभालने में खुशी महसूस होती है। यह बात किचन पर भी समान रूप से लागू होती है। जो महिलाएं कुकिंग की शौकीन हैं, वे उत्साहित होकर परिवार के सभी सदस्यों के लिए बढ़िया खाना बनाना पसंद करती हैं। माना जाता है कि ऐसी महिलाएं दूसरे के विचारों को पूरा सम्मान देती हैं। 

फ्रिज में सामान : सेहतमंद जिंदगी में भरोसा

चाहे आप खाना बनाने की शौकीन न भी हों, तो भी अगर आपका फ्रिज फल, जूस, हरी सब्जियों, अंडे आदि से भरा रहता है, तो यह इस बात को जाहिर करता है कि आप सेहत को लेकर सजग हैं। इससे आपकी आशावादिता और जीवन के प्रति सकारात्मक रवैया नजर आता है। 

किताबों की शेल्फ : सपने देखने वाली हैं आप

कुछ देर के लिए ही सही, पर किताबें हमें हकीकत की दुनिया से दूर ले जाती हैं और हमारी कल्पनाओं को पंख दे देती हैं। जो व्यक्ति पढ़ने का शौकीन होता है, वह सपने भी देखता है और उनमें विश्वास भी करता है। अगर आपको भी किताबें पढ़ने का शौक है, तो उपन्यास के किरदार आपके मन में घुमड़ते रहते होंगे। आपके मन में चिंतन और मनन की प्रक्रिया चलती रहती है। आप खुद से प्रेम करती हैं और अकेली होने पर भी तन्हा महसूस नहीं करतीं। 

गीत-संगीत में रुचि : पसंद है रचनात्मकता

अगर आप कला और गीत-संगीत आदि में विशेष रुचि रखती हैं, तो यह दर्शाता है कि आपके मन में विचारों की प्रक्रिया लगातार चलती रहती है। आपकी रचनात्मक सोच आपको सदैव कुछ नया करने के लिए प्रेरित करती है और आपकी संजीदगी भी जाहिर करती है। आप लोगों से गर्मजोशी के साथ मिलती हैं, लेकिन आपको असली संतुष्टि तभी मिलती है जब आप अपनी सोच को मूर्त रूप दे देती हैं।

सुंदर कुशन से सजा कमरा : रूमानी मिजाज

अगर आप अपना बेडरूम सजा-संवारकर रखने में खासी दिलचस्पी लेती हैं, तो यह दर्शाता है कि आप अपना खाली वक्त अपने आसपास के माहौल को बेहतर बनाने के लिए करना चाहती हैं। आपका रूमानी मिजाज आपको खुशनुमा और ऊर्जावान बनाए रखता है। अपने जीवनसाथी के साथ आप अच्छे माहौल में वक्त गुजारने की ख्वाहिश रखती हैं। 

दीवार पर फैमिली एलबम : परिवार सबसे पहले

अगर आपके घर की दीवार पर परिवार की तसवीर नजर आती है, तो इससे पता चलता है कि आप परिवार के लिए पूरी तरह समर्पित हैं। जरूरत पड़ने पर आप परिवार के लिए त्याग भी कर सकती हैं। ऐसी तसवीर यह भी दर्शाती है कि आप मजबूत और दीर्घकालीन रिश्तों में यकीन रखती हैं। 

बागवानी का शौक : संवेदनशील हैं आप

रोजमर्रा की अपनी व्यस्त दिनचर्या में हमें शायद ही उन चीजों का वक्त मिल पाता है, जो हमें रास आती हैं। लेकिन इनके बीच भी अगर आप बागवानी में रुचि लेती हैं या घर में पेट्स रखने की  शौकीन हैं, तो इससे आपका प्रकृति प्रेम और संवेदनशीलता जाहिर होती है। इससे यह बात भी स्पष्ट होती है कि आपके आसपास जो भी है, आप उसकी परवाह करती हैं। आप सिर्फ अपने लिए नहीं, दूसरों के लिए भी जीती हैं।
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें