फोटो गैलरी

Hindi Newsआईएएस के साक्षात्कार से रोकने के लिए दलित युवक पर हमला

आईएएस के साक्षात्कार से रोकने के लिए दलित युवक पर हमला

दलित युवक को आईएएस के साक्षात्कार में शामिल होने से रोकने के लिए अज्ञात हमलावरों ने लाठी-डंडे से बुरी तरह पीटा। उसकी आंख व मुंह में रेत भर दी। उस पर चाकू से भी हमला किया। घटना शनिवार देर रात गैसड़ी...

आईएएस के साक्षात्कार से रोकने के लिए दलित युवक पर हमला
लाइव हिन्दुस्तान टीमSun, 09 Apr 2017 01:55 PM
ऐप पर पढ़ें

दलित युवक को आईएएस के साक्षात्कार में शामिल होने से रोकने के लिए अज्ञात हमलावरों ने लाठी-डंडे से बुरी तरह पीटा। उसकी आंख व मुंह में रेत भर दी। उस पर चाकू से भी हमला किया। घटना शनिवार देर रात गैसड़ी कोतवाली के मनकापुर गांव में हुई। इस युवक का साक्षात्कार 10 अप्रैल को दिल्ली में होना है। यहां मेमोरियल अस्पताल में इलाज के बाद वह दिल्ली के लिए रवाना हो गया है।

मनकापुर निवासी महेश कुमार भारती (22 वर्ष) पुत्र गंगा शरन बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय में एमए (भूगोल) प्रथम वर्ष का छात्र है। उसने वर्ष 2016 की आईएएस मेन्स परीक्षा उत्तीर्ण की है। जिसका साक्षात्कार सोमवार को दिल्ली में होना है। वह शुक्रवार को वाराणसी से मनकापुर गांव अपने घर आया था। वह शनिवार रात करीब नौ बजे गांव के बाहर शौच के लिए जा रहा था। महेश के मुताबिक तभी दो बाइक पर सवार होकर आए छह लोगों ने उसे डंडे से पीटना शुरू कर दिया। वे पहले से ही वहां घात लगा कर बैठे थे। एक हमलावर ने उस पर चाकू से हमला किया। हमलावरों ने उसके मुंह व आंख में रेत भर दी। उसका गला भी दबाया। तभी किसी बाइक सवार राहगीर के आने पर हमलावर भाग निकले।

महेश के बाएं हाथ व सीने में कटे का निशान है। शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं। वह हमलावरों को पहचानता नहीं है।

मुंह में भर दी रेत

उसने घर आकर मामले की जानकारी दी। परिवारीजन देर रात उसे लेकर कोतवाली गए। वहां से उसे इलाज के लिए बलरामपुर के मेमोरियल चिकित्सालय ले जाया गया। जहां रात भर उसका इलाज चलता रहा। सुबह उसकी हालत सुधरी है। मुंह में रेत भर दिए जाने के कारण वह ठीक से बोल नहीं पा रहा है। महेश के बड़े भाई बिन्देश्वरी भारती ने बताया कि उनके परिवार की किसी से रंजिश नहीं है। यह काम ऐसे लोगों का है जो मेरे भाई को आईएएस बनता नहीं देखना चाहते। ऐसे ही लोगों ने उसे साक्षात्कार में जाने से रोकने के लिए हमला किया है।

पीड़ित का दर्ज किया बयान

गैसड़ी के प्रभारी निरीक्षक सम्पूर्णानंद तिवारी ने घटनास्थल का जायजा लिया है। उन्होंने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। पीड़ित से मिल कर उसका बयान दर्ज कर लिया गया है। उन्होंन कहा कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज होगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें