फोटो गैलरी

Hindi Newsजैन मुनि ने दिलाई शपथ, आज से नहीं करेंगे बेइमानी और नशे से भी रहेंगे मुक्त

जैन मुनि ने दिलाई शपथ, आज से नहीं करेंगे बेइमानी और नशे से भी रहेंगे मुक्त

अक्षय तृतीया समारोह में भागलपुर आए जैन मुनि आचार्य महाश्रमण महराज ने अपने प्रचवन के दूसरे दिन शुक्रवार को करीब 500 लोगों को नशामुक्ति, बेइमानी से दूर रहने और लोकहित के काम करने की शपथ दिलाई। उन्होंने...

जैन मुनि ने दिलाई शपथ, आज से नहीं करेंगे बेइमानी और नशे से भी रहेंगे मुक्त
लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 29 Apr 2017 02:00 AM
ऐप पर पढ़ें

अक्षय तृतीया समारोह में भागलपुर आए जैन मुनि आचार्य महाश्रमण महराज ने अपने प्रचवन के दूसरे दिन शुक्रवार को करीब 500 लोगों को नशामुक्ति, बेइमानी से दूर रहने और लोकहित के काम करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि हमें भोगों से मुक्त होकर मन को निर्मल बनाने का प्रयास करना चाहिए।

सुबह 9:30 बजे से महाश्रमण महाराज का प्रवचन शुरू हुआ। उन्हें सुनने के लिए बड़ी संख्या में जैन धर्म के अनुयायी और दूसरे लोग पहुंचे थे। आनंदराम ढांढनिया सरस्वती विद्या मंदिर में हो रहे कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से करीब 3000 लोग पहुंचे थे। महाश्रमण महराज ने प्रवचन की शुरुआत में नमस्कार मंत्र का उच्चारण किया। इसके बाद हाथ उठाकर आशीष दिया। उनके प्रचवन से पहले साध्वीवर्याजी ने कहा कि हमें अपने जीवन को स्वच्छ और सुखद बनाने के लिए सभी को सद्मार्ग पर चलना होगा।

इसके बाद महाश्रमण जी ने कहा कि आदमी को भोगों से निवृत्त होने का प्रयास करना चाहिए। इस जीवन में दो तत्व शरीर व आत्मा होते हैं। जीवन के लिए दोनों का योग होना आवश्यक है। आत्मा और शरीर का योग जीवन और वियोग मृत्यु है। एक समय जब आत्मा शरीर से निकल जाती है तो आदमी निष्प्राण हो जाता है। उन्होंने कहा कि मानव जीवन सुंदर है और आदमी को इस जीवन से लाभ उठाने का प्रयास करना चाहिए। यदि आदमी मृत्यु को याद कर ले तो पापों से बचने की प्रेरणा प्राप्त हो सकती है। उन्होंने कहा कि सभी को नैतिकता, सद्भावना और नशा मुक्ति की राह पर चलना चाहिए। उन्होंने सभी लोगों को इसकी शपथ दिलाई।

नागरिक अभिनंदन कर किया मुनियों का स्वागत

प्रचवन के बाद आचार्य महाश्रमण महाराज का नागरिक अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मेयर दीपक भुवानिया ने किया। उन्होंने कहा कि भागलपुर का सौभाग्य है कि आचार्य जैसे महापुरुष यहां आए हैं। अंग के लोग इनका हार्दिक अभिनंदन करते हैं। पूर्व सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि मैं भाजपा का प्रवक्ता जरूर हूं लेकिन मैं हमेशा महाश्रमण महाराज के संदेशों को लोगों तक पहुंचाने का काम करता हूं। आचार्य का संदेश पूरी दुनिया के लिए है।

नगर विधायक अजीत शर्मा ने कहा कि हम सभी के लिए यह गर्व की बात है कि आचार्य महाराज भागलपुर पहुंचे हैं। हम सबको इनके तीनों संदेशों का पालन करना चाहिए। डिप्टी मेयर डॉ. प्रीति शेखर ने कहा कि जैन मुनि 40 हजार किमी की यात्रा करके भागलपुर पहुंचे हैं। पूरे विश्व में हिंसा का बोलबाला है। ऐसे में अहिंसा यात्रा हमें प्रेम और शांति का पाठ पढ़ाती है। इसके अलावा पूर्व सांसद डॉ. रामजी सिंह, फादर वर्गीज, महिला मंडल भागलपुर की अध्यक्ष सेराज बोहरा, युवक परिषद के अमृत बेताला, लायन्स क्लब के अनुपन सिंघानिया, लक्ष्मीनारायण डोकानिया, आरएसएस के जिला संचालक राणा प्रताप सिंह, आनंद राम ढांढनिया स्कूल के प्राचार्य आदि ने भी विचार व्यक्त किए।

युवाओं को अध्यात्म से जोड़ें : सांसद

नागरिक अभिनंदन में पहुंचे भागलपुर के सांसद बुलो मंडल ने कहा कि युवाओं का भटकाव रोकने के लिए उन्हें अध्यात्म से जोड़ा जाना चाहिए। जैन मुनि यह काम बखूबी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जैन मुनि को सुनने बड़ी संख्या में युवा भी आए हैं, यह इसका सबूत है। उन्होंने कहा कि हमलोग आचार्य महाश्रमण के तीनों बातों पर अमल करें तो जीवन में खुशिहाली आ जाएगी। उन्होंने कहा कि मुनि महाराज भगवान महावीर के बताए रास्ते को आगे बढ़ा रहे हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें