फोटो गैलरी

Hindi Newsपीएम मोदी पर मस्तान की टिप्पणी से बिहार में महाभारत

पीएम मोदी पर मस्तान की टिप्पणी से बिहार में महाभारत

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री अब्दुल जलील मस्तान की कथित अमर्यादित टिप्पणी से बिहार में सियासी महाभारत छिड़ गया है। इस कारण बुधवार को विधानमंडल के दोनों सदनों...

पीएम मोदी पर मस्तान की टिप्पणी से बिहार में महाभारत
लाइव हिन्दुस्तान टीमWed, 01 Mar 2017 10:06 PM
ऐप पर पढ़ें

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री अब्दुल जलील मस्तान की कथित अमर्यादित टिप्पणी से बिहार में सियासी महाभारत छिड़ गया है। इस कारण बुधवार को विधानमंडल के दोनों सदनों विधानसभा व विधान परिषद में जमकर हंगामा हुआ।

कोई विधायी कार्य नहीं हुए। मंत्री को बर्खास्त करने की मांग करते हुए भाजपा सदस्यों ने दोनों सदनों में वेल में हंगामा किया और रिपोर्टर टेबल पटक दिया। परिषद में ऑर्डर पेपर भी फाड़कर सत्तापक्ष की ओर फेंका।

हंगामा के बीच विस की दोनों पालियों को मिलाकर 28 मिनट तो विप की कुल कार्यवाही मात्र आठ मिनट चली। वैसे मंत्री की टिप्पणी पर सत्तापक्ष की ओर से खेद प्रकट किया गया। खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वास्थ्य विभाग के एक कार्यक्रम में मंत्री की टिप्पणी को गलत बताया। विस अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने भी मंत्री के बयान को संसदीय प्रणाली के लिए अच्छा नहीं कहा और सदन चलने देने की अपील की, लेकिन विपक्ष नहीं माना।

हंगामे की शुरुआत सदन के बाहर ही हो गई थी। विस में 12 बजे कार्यवाही शुरू होते ही प्रतिपक्ष के नेता डॉ. प्रेम कुमार ने सीएम को सदन में आकर मंत्री को बर्खास्त करने की घोषणा करने की मांग की। हंगामा के कारण चार मिनट में ही 12 बजे तक के लिए सदन स्थगित हो गया। दुबारा सदन शुरू होने पर भी हंगामा जारी रहा और 15 मिनट में कार्यवाही स्थगित हो गई। दूसरी पाली में हंगामे के कारण नौ मिनट में ही सदन को अगले दिन के लिए स्थगित कर दिया गया। परिषद में इसी मुद्दे पर रजनीश कुमार के कार्यस्थगन प्रस्ताव नकारे जाने पर हंगामा हुआ। पहली पाली तीन मिनट तो दूसरी मात्र पांच मिनट चली।

कोट

प्रधानमंत्री पर राज्य के मंत्री जलील मस्तान द्वारा की गई टिप्पणी गलत है। ऐसा नहीं होना चाहिए। गलती हुई है, तो इसे स्वीकार भी कर लेना चाहिए।

नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री

प्रधानमंत्री को कहे गए शब्दों की कड़ी निंदा करते हैं। पीएम भी किसी राज्य के मुख्यमंत्री का डीएनए खराब, पूर्व पीएम को रेनकोट पहनकर नहाने जैसे व्यक्तिगत बयान न दें।

तेजस्वी प्रसाद यादव, उप मुख्यमंत्री

संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों का सम्मान करना कांग्रेस जानती है। गलती होने पर माफी भी मांगती है। भाजपा वाले अपनी गलतियों पर माफी तक नहीं मांगते।

अशोक चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष

मंत्री ने प्रधानमंत्री को नक्सली, उग्रवादी कहा। उनकी तस्वीर पर जूता-चप्पल से पिटाई कराई। एक बांग्लादेशी बिहार में रहकर ऐसा बयान दे, भाजपा बर्दाश्त नहीं करेगी। सदन नहीं चलने दिया जाएगा।

डॉ. प्रेम कुमार, नेता प्रतिपक्ष, विधानसभा

गलत शब्दों का इस्तेमाल प्रधानमंत्री करते हैं, हम नहीं। मैंने कुछ आपत्तिजनक बयान नहीं दिया था। फिर भी अगर मेरे बयान से किसी को ठेस पहुंची है, तो उसके लिए सॉरी।

अब्दुल जलील मस्तान, मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री

 

टेबल पटकना सही नहीं : अध्यक्ष

विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने कहा कि संवैधानिक पदों पर रहने वालों से मर्यादित व्यवहार की अपेक्षा रहती है। इस बाबत संसदीय कार्य मंत्री से भी बातचीत की है। सदन को खेद है। हमें भी खेद है, लेकिन विपक्ष को सरकार, संबंधित दल के नेता और मंत्री की बात सुननी चाहिए। रिपोर्टर टेबल पटका जाना सही नहीं है। ऐसे सदन नहीं चलेगा। ऐसा व्यवहार करने वालों पर कार्रवाई होगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें