फोटो गैलरी

Hindi Newsपांच दमदार फीचर से गूगल मैप को बनाएं अपना गाइड

पांच दमदार फीचर से गूगल मैप को बनाएं अपना गाइड

गर्मियों की छुट्टियों में अगर कहीं बाहर घूमने का प्लान बना रहे हैं तो गूगल मैप को अपना गाइड बना सकते हैं। वैसे तो गूगल मैप के नेविगेशन फीचर के बारे में अधिकतर लोग जानते हैं लेकिन क्या आपको पता है कि...

पांच दमदार फीचर से गूगल मैप को बनाएं अपना गाइड
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 30 Mar 2017 02:04 PM
ऐप पर पढ़ें

गर्मियों की छुट्टियों में अगर कहीं बाहर घूमने का प्लान बना रहे हैं तो गूगल मैप को अपना गाइड बना सकते हैं। वैसे तो गूगल मैप के नेविगेशन फीचर के बारे में अधिकतर लोग जानते हैं लेकिन क्या आपको पता है कि इसका इस्तेमाल सिर्फ जगह, रास्ते और पता खोजने के लिए ही नहीं किया जाता है। इससे कई और चीजों में भी मदद ली जा सकती है। जानिए गूगल मैप के पांच बेहतरीन फीचर के बारे में।

खुद तय करें कितने समय तक लोकेशन साझा करें

अनजान जगहों पर यात्रा के दौरान नए लोगों से मिलने या किसी व्यक्ति के खोने पर गूगल का शेयर लोकेशन फीचर बहुत उपयोगी होता है। इसे इस्तेमाल करने के लिए गूगल मैप पर आपकी जो लोकेशन दिखाई दे रही है, उस पर टैप करके रखें। कुछ सेकेंड के बाद नीचे एक बबल दिखाई देगा जिस पर क्लिक करने से लोकेशन शेयर करने का नीले रंग का विकल्प सामने आ जाएगा। इससे आप किसी के साथ भी अपनी लोकेशन शेयर कर सकते हैं। इसके अलावा उस लोकेशन को सेव करने का विकल्प भी उपलब्ध रहता है। लोकेशन साझा करने का एक और तरीका है। मैप के मेन्यु बार में ‘योर कंट्रीब्यूशन’ टैब के नीचे ‘शेयर लोकेशन’ नाम का एक फीचर आएगा। इस पर टैप करते ही यूजर अपनी लोकेशन शेयर कर सकते हैं। यूजर अपनी लोकेशन कितने समय के लिए साझा करना चाहता हैं, एप में  इसका विकल्प मिलेगा। यूजर जिससे चाहें अपनी लोकेशन शेयर कर सकते हैं। इससे यूजर को बिना टेक्स्ट मैसेज या कॉल के अपनी लोकेशन के बारे में दूसरे लोगों को बताने में बेहद मदद मिलेगी।

स्ट्रीट व्यू फीचर

स्ट्रीट व्यू की मदद से किसी भी प्रसिद्ध जगह की 3 डी पिक्चर देख सकते हैं। अधिकतर जगहों पर स्ट्रीट व्यू में केवल वही फोटो दिखाई देती हैं जो यूजर द्वारा खींची जाती हैं। अगर आप स्ट्रीट व्यू से विदेश के बारे में सर्च करेंगे तो गूगल स्ट्रीट व्यू का परिणाम आपको पसंद आएगा। स्ट्रीट व्यू में ताजमहल को देखने की होड़ मच गई थी। गूगल मैप के स्ट्रीट व्यू में देखे जाने वाली इमारतों में भारत का ताजमहल टॉप पर रह चुका है। गूगल मैप पर रेस्टोरेंट और कैफे के रिव्यू भी देखे जा सकते हैं। इसकी मदद से आस-पास के होटल, सिनेमा हॉल और अस्पताल की जानकारी भी ले सकते हैं।

रेल और सड़क के ट्रैफिक की जानकारी

गूगल मैप में गूगल ट्रांजिट नाम का फीचर है जिसमें आप सार्वजनिक वाहनों की जानकारी ले सकते हैं। इसके साथ किसी विशेष स्थान की ट्रैफिक जानकारी भी इससे मिलती है। इसके लिए आपको अपने स्मार्टफोन का जीपीएस ऑन करना होगा। गूगल ट्रैफिक की जानकारी भी अपडेट करता रहता है। गूगल के इस फीचर में रंगों से जानकारी दी जाती है। हरा रंग बताता है कि रास्ता साफ है। नीला रंग हल्का ट्रैफिक होने का संकेत देता है। जबकि लाल रंग हैवी ट्रैफिक की जानकारी देता है। भारतीय यूजर जल्द ही गूगल मैप पर आठ शहरों में चलने वाली रेलगाड़ियों के चलने की जानकारी भी हासिल कर सकेंगे।

जगह को फेवरिट में सेव करें

गूगल मैप पर अपने पसंदीदा स्थानों और कैफे को फेवरिट में सेव कर सकते हैं। इन्हें कभी भी बाद में देखा जा सकता है। इसके लिए आप ऊपर बाई ओर दिख रहे तीन बार वाले आइकॉन को क्लिक करें और ‘योर प्लेस’ का चुनाव करें। फिर सेव्ड ऑप्शन पर क्लिक करें और इसके बाद फेवरिट आइकन पर क्लिक करें।

इंटरनेट न होने पर भी गूगल मैप चलाएं

गूगल मैप को बिना इंटरनेट भी इस्तेमाल किया जा सकता है। यह आपके सर्च का कुछ हिस्सा मेमोरी में सेव करके रखता है। जब आप मैप पर कुछ सर्च करते हैं तो सेव, शेयर और डाउनलोड का ऑप्शन आता है। आप इस आखिरी ऑप्शन पर क्लिक कर उस सर्च किए गए स्थान को सेव कर लें। इंटरनेट न होने पर भी इस स्थान के आसपास के इलाके को गूगल मैप पर देखा जा सकता है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें