फोटो गैलरी

Hindi Newsगोड्डा में विधायक प्रदीप यादव गिरफ्तार, जेल भेजे गए

गोड्डा में विधायक प्रदीप यादव गिरफ्तार, जेल भेजे गए

अडाणी पावर प्लांट के लिए भूमि अधिग्रहण के खिलाफ रैयतों के साथ धरना पर बैठे विधायक प्रदीप यादव को शनिवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। सुबह साढ़े चार बजे धरनास्थल से विधायक की गिरफ्तारी हुई। बाद में...

गोड्डा में विधायक प्रदीप यादव गिरफ्तार, जेल भेजे गए
लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 22 Apr 2017 11:10 PM
ऐप पर पढ़ें

अडाणी पावर प्लांट के लिए भूमि अधिग्रहण के खिलाफ रैयतों के साथ धरना पर बैठे विधायक प्रदीप यादव को शनिवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। सुबह साढ़े चार बजे धरनास्थल से विधायक की गिरफ्तारी हुई। बाद में पुलिस ने उन्हें सीजेएम कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। विधायक को अडाणी के पर्यावरणीय जनसुनवाई कार्यक्रम में हंगामे को लेकर दर्ज मुकदमे में गिरफ्तार किया गया है। पिछले पंद्रह दिन से पुलिस इसकी तैयारी में जुटी थी। विधायक की गिरफ्तारी के बाद मंडल कारा की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

शुक्रवार देर रात ही पुलिस की टीम विधायक की गिरफ्तारी के लिए दबाव बना रही थी, लेकिन लोगों की भीड़ को देखते हुए पुलिस संयम बरत रही थी। गिरफ्तारी के समय करीब दो सौ की संख्या में लोग मौजूद थे। गिरफ्तारी के बाद विधायक ने धरना पर बैठे लोगों को संयम बरतने को कहा। उन्होंने कहा कि वह कानून का सम्मान करते हैं। केस झूठा है या सच्चा,यह न्यायालय फैसला करेगी। पहले भी मैंने घोषणा की है कि मेरा अनशन जेल में भी जारी रहेगा। ग्रामीणों ने आंदोलन को अभी विराम दिया है। लेकिन जमीन बचाओ संघर्ष समिति आंदोलन को आगे भी जारी रखेगी।

जेल में भी अनशन पर हैं विधायक

विधायक की गिरफ्तारी के बाद भी जिला प्रशासन की परेशानी नहीं घटी है। विधायक ने जेल में भी अपना सत्याग्रह जारी रखा है। जेल के वार्ड नंबर-5 में विधायक को रखा गया है। सिविल सर्जन के अनुसार विधायक की मेडिकल जांच प्रत्येक तीन घंटे पर कराई जा रही है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें