फोटो गैलरी

Hindi Newsगोपालगंज में गोलीबारी में पांच हुए जख्मी

गोपालगंज में गोलीबारी में पांच हुए जख्मी

मांझागढ़ थाने के मालिकाना गांव में शुक्रवार की सुबह गोली मारकर पांच लोगों को जख्मी कर दिया गया। जख्मी लोगों में राहुल सिंह, सुधांशु सिंह, नितेश सिंह, सुरेन्द्र सिंह व पंकज सिंह शामिल हैं। बीच-बचाव...

गोपालगंज में गोलीबारी में पांच हुए जख्मी
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 28 Apr 2017 08:17 PM
ऐप पर पढ़ें

मांझागढ़ थाने के मालिकाना गांव में शुक्रवार की सुबह गोली मारकर पांच लोगों को जख्मी कर दिया गया। जख्मी लोगों में राहुल सिंह, सुधांशु सिंह, नितेश सिंह, सुरेन्द्र सिंह व पंकज सिंह शामिल हैं।

बीच-बचाव करने गई आंगनबाड़ी सेविका व परिवार की सदस्य संजू देवी पर ईंट से हमला कर सिर फोड़ दिया गया। जख्मी लोगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने राहुल सिंह व नितेश सिंह की हालत गंभीर देख बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर नगर व जादोपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन व जख्मी लोगो से पूछताछ शुरू कर दी। जख्मी संजू देवी ने बताया कि गांव के मोतीचंद यादव उनके यहां मजदूरी करता था। पड़ोस के कुछ दबंग लोगों ने मोतीचंद को अपने यहां मजदूरी करने को कहा। मोतीचंद ने काम करने से इनकार किया तो उसके साथ उक्त लोग मारपीट करने पर उतारू हो गए।

गुरुवार को भी आरोपितों ने की थी मारपीट

मोतीचंद यादव के विवाद को लेकर गुरुवार को भी आरोपितों ने मारपीट की थी। मारपीट में सुबास सिंह, लालबाबू सिंह, अमन सिंह व संजय सिंह जख्मी हो गए थे। इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी पीड़ितों ने मांझागढ़ थाने की पुलिस को दी थी, मगर पुलिस ने कोई कार्रवाई नही की। शुक्रवार को फिर आरोपितों ने मारपीट व गोलीबारी की।

कार्रवाई करती पुलिस तो शायद नहीं होती गोलीबारी

गुरुवार को जब मारपीट हुई थी, उसकी सूचना मिलने के बाद अगर पुलिस समय से आरोपितों पर कार्रवाई करती तो शायद शुक्रवार को गोलीबारी की घटना नही होती। पीड़ित संजू देवी ने बताया कि गुरुवार को जब मारपीट हुई थी तो इसकी जानकारी मांझागढ़ थाने की पुलिस को दी गई थी, मगर कोई कार्रवाई नहीं की गई ।

थानाध्यक्ष का कहना है

मालिकाना गांव में हुए विवाद में फायरिंग की सूचना है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

रामसेवक रावत, थानाध्यक्ष, मांझागढ़।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें