फोटो गैलरी

Hindi Newsनीरज सिंह की हत्या के बाद धनबाद में तनाव भरी शांति

नीरज सिंह की हत्या के बाद धनबाद में तनाव भरी शांति

पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह की हत्या के बाद धनबाद में तनाव भरी शांति है। शहर पुलिस छावनी में तब्दील रहा। शव यात्रा के दौरान समर्थकों की नारेबाजी के कारण धनबाद से झरिया तक माहौल में तनाव दिखा। नीरज...

नीरज सिंह की हत्या के बाद धनबाद में तनाव भरी शांति
लाइव हिन्दुस्तान टीमWed, 22 Mar 2017 09:35 PM
ऐप पर पढ़ें

पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह की हत्या के बाद धनबाद में तनाव भरी शांति है। शहर पुलिस छावनी में तब्दील रहा। शव यात्रा के दौरान समर्थकों की नारेबाजी के कारण धनबाद से झरिया तक माहौल में तनाव दिखा। नीरज सिंह का पार्थिव शरीर बुधवार को पंचतत्व में विलीन हो गया।

झरिया के मोहलबनी घाट पर नीरज सिंह के अनुज अभिषेक सिंह उर्फ गुड्डू सिंह ने मुखाग्नि दी। मुखाग्नि के दौरान चाचा व पूर्व मंत्री बच्चा सिंह, डिप्टी मेयर और एकलव्य सिंह सहित परिवार के सदस्य फफक पड़े। शव यात्रा में नीरज के हजारों समर्थक शामिल हुए। धनबाद से लेकर झरिया तक पूरे इलाके की सुरक्षा अर्द्धसैनिकों बलों के जिम्मे सौंप दी गई थी।

मंगलवार की शाम सात बजे स्टील गेट कुंती निवास के पास नीरज सिंह और उनकी तीन समर्थकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 24 घंटे बीतने के बावजूद अभी तक नीरज सिंह और उनके समर्थकों की हत्या मामले में थाने में एफआइआर तक नहीं हो सकी है।

पुलिस हत्यारों का सुराग खोजने में पूरी तरह से विफल साबित रही। बुधवार की शाम करीब सवा चार बजे सीआइडी के एडीजी अजय कुमार सिंह रांची से धनबाद पहुंचे। सीआइडी ने डीआइजी साकेत कुमार और एसएसपी मनोज रतन चोथे व सिटी एसपी अंशुमान कुमार के साथ बंद कमरे में लंबी बैठक की। सुबह साढ़े तीन बजे सीआइडी एसपी नरेंद्र कुमार फॉरेंसिंक एंड साइंस लैब (एफएसएल), रांची के विशेषज्ञों की टीम के साथ धनबाद पहुंचे। टीम ने घटना स्थल का दौरा किया। साथ ही सरायढेला में रखी नीरज सिंह की गोलियों से छलनी फॉर्चूनर कार की जांच की। नीरज सिंह के साथ हमले में मारे गए उनके पीए अशोक यादव, बॉडीगार्ड मुन्ना तिवारी और ड्राइवर घल्टू का भी अलग-अलग जगहों पर अंतिम संस्कार किया गया।

विधायक संजीव, सीएम व सांसद के खिलाफ नारे

शव यात्रा में शामिल नीरज समर्थकों के चेहरे पर गम के साथ भारी आक्रोश भी था। वे लगातार नीरज सिंह के चचेरे भाई व झरिया विधायक संजीव सिंह के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। साथ ही सीएम, सांसद पीएन सिंह और पुलिस के खिलाफ भी नारेबाजी की गई। आक्रोशित खुलेआम पुलिस को भी चुनौती दे रहे थे।

हत्या के पीछे राजनीतिक या व्यावसायिक प्रतिद्वंद्विता : एडीजी

धनबाद पहुंचे एडीजी अजय कुमार सिंह ने कहा कि हत्या के कई कारण हो सकते हैं। प्रथमदृष्टया माना जा रहा है कि राजनीतिक और व्यावसाचिक कारणों से हत्या की गई है। पुलिस सभी बिंदुओं की जांच कर रही है। फॉरेंसिंग टीम ने घटना स्थल से जब्त चीजों व गाड़ी की विस्तार से जांच कर रही है। जिला पुलिस के साथ मिलकर सीआइडी हत्यारों का पता लगा रही है।

विपक्षी दलों ने धनबाद बंद बुलाया

नीरज सहित चार लोगों की हुई सारेशाम हत्या से आक्रोशित कांग्रेस और विपक्षी पार्टियों ने गुरुवार को धनबाद में बंद का आह्वान किया है। पुलिस की विफलता और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेस की तरफ से बुलाए गए बंद का जेएमएम, मासस, सीपीआइ, आम आदमी पार्टी सहित अन्य दलों ने समर्थन करने की घोषणा की है।

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें