फोटो गैलरी

Hindi Newsभाजपा के साकची मंडल ने दिया इस्तीफा

भाजपा के साकची मंडल ने दिया इस्तीफा

भाजपा के साकची मंडल के अध्यक्ष उमाशंकर सिंह समेत पूरी कमेटी ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, इस्तीफा महानगर अध्यक्ष को नहीं, मंत्री सरयू राय को सौंपा गया है। जिस समय इस्तीफा उनके कार्यालय...

भाजपा के साकची मंडल ने दिया इस्तीफा
लाइव हिन्दुस्तान टीमSun, 12 Feb 2017 12:19 PM
ऐप पर पढ़ें

भाजपा के साकची मंडल के अध्यक्ष उमाशंकर सिंह समेत पूरी कमेटी ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, इस्तीफा महानगर अध्यक्ष को नहीं, मंत्री सरयू राय को सौंपा गया है।

जिस समय इस्तीफा उनके कार्यालय पहुंचा उस वक्त मंत्री सोनारी में एक कार्यक्रम में थे। देर शाम हुए इस घटनाक्रम का जमशेदपुर में भाजपा की राजनीति पर पड़ना तय माना जा रहा है। साकची के भाजपाइयों ने यह सख्त कदम महानगर युवा मोर्चा के अध्यक्ष मनोज वाजपेयी के खिलाफ कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण उठाया है।

मुकुल मिश्रा से भी नाराजगी

इससे पूर्व शनिवार को दिन में पश्चिम के सभी मंडल अध्यक्षों और जिला के पदधारकों ने मंत्री सरयू राय से समय लेकर बिष्टूपुर स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात की और उन्हें अपने रुख से अवगत कराया। राय ने इस मसले पर विधायक प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा को निर्णय के लिए अधिकृत किया है। मगर पश्चिम के नेता मुकुल मिश्रा से ही नाराज बताए जाते हैं। यह नाराजगी विधायक प्रतिनिधि बनने पर सोनारी में मनोज वाजपेयी से सम्मान स्वीकार करने और रामबाबू तिवारी के खिलाफ बयान नहीं देने से बताई जाती है।

पश्चिमवालों ने किया कार्यक्रम का बहिष्कार

अपनी पूर्व घोषणा पर अडिग जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के पार्टी नेताओं ने महानगर भाजपा के कार्यक्रम का बहिष्कार किया। महानगर की ओर से शनिवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर भालूबासा में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। दूसरी ओर, पश्चिम वालों ने अलग कार्यक्रम आयोजित किया था। उन्होंने जेल चौक स्थित दीन दयाल सामुदायिक भवन में लगी उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया, जिसमें मंत्री सरयू राय, सभी मंडल अध्यक्ष और पश्चिम में रहने वाले सभी जिला पदाधिकारी शामिल हुए। पश्चिम के भाजपाइयों ने यह कदम भारतीय जनता युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष मनोज वाजपेयी को नहीं हटाने के विरोध में उठाया। वे इस मसले पर अपने रुख से मंत्री सरयू राय और महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार को अवगत करा चुके थे। सूत्रों के अनुसार मंत्री ने संगठन का मामला कहकर इसकी जिम्मेदारी दिनेश कुमार पर डाल दी है और दिनेश, वाजपेयी को हटाना नहीं चाह रहे हैं।

जेल चौक नहीं आए पूर्वी के नेता

हर साल जेल चौक पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष सहित पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के भी सभी प्रमुख नेता शामिल होते थे क्योंकि शहर में दीनदयालजी की एकमात्र प्रतिमा यहीं है। मगर इस बार अपवाद स्वरूप महानगर मंत्री राकेश सिंह और पूर्व महानगर अध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा ही शामिल हुए। दूसरी ओर, भालूबासा के कार्यक्रम में पश्चिम से महानगर मंत्री सुनील बारी के अलावा कोई पदाधिकारी शामिल नहीं हुआ। हालांकि पूर्व पदाधिकारी राजेश सिंह, नित्यानंद सिन्हा, संजीव सिन्हा, किशोर ओझा, विनोद राय, नीलकमल शेखर, विजय तिवारी आदि भालूबासा गए थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें