वर्षा से हाईवे पर पानी का हुआ जमाव
मधुबनी में मधवापुर प्रखंड के साहरघाट में हनुमान मंदिर के पास, गुरुवार की सुबह हुई वर्षा के दौरान स्टेट हाईवे 75 जलमग्न हो गया। यहां हल्की वर्षा में भी लंबी दूरी में पानी का जमाव हो जाता है। कई सप्ताह...
मधुबनी में मधवापुर प्रखंड के साहरघाट में हनुमान मंदिर के पास, गुरुवार की सुबह हुई वर्षा के दौरान स्टेट हाईवे 75 जलमग्न हो गया। यहां हल्की वर्षा में भी लंबी दूरी में पानी का जमाव हो जाता है। कई सप्ताह तक जल जमाव बना रहता है। इस समस्या से यातायात की समस्या के साथ-साथ अन्य कई मुशीबतों से लोगों को जूझना पड़ता है। बेमौसम हुई घंटे दो घंटे की वर्षा से लंबे समय तक पानी का जमाव रहेगा। यहां कीचड़, कूड़े कचड़े की सड़न से बदबू आने लगी है। बदबू से न केवल आने-जाने वाले परेशान हो रहे हैं, बल्कि यहां रहने वाले सथानीय लोगों में बीमारी फैलने की भी खतरा रहती है। कई बाइक फिसलने से यात्री दुर्घटना का शिकार भी हो चुके हैं। सड़क निर्माण से संबंधित जानकारों की माने तो पक्की सड़क पर पानी जमा होने से उसकी गुणवत्ता में बहुत बड़ी कमी हो जाती है। सड़क कमजोर होकर समय से पहले टूटने लगती है। हाईवे पर जलजमाव की समस्या को हटाने के लिए, स्थानीय लोगों ने तीन साल पहले सड़क जाम कर दिया था। जाम हटाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर पहल की गई थी। एक बार सरकारी खर्च पर पानी निकालने का काम कराया गया। उसके बाद यह समस्या आज तक जैसी की तैसी बनी हुई है। यहां पर व्यवसाय करने वाले उमेश महथा, विवेकानंद झा, विंदेश्वर पंडित, सुजीत लाल कर्ण, मेहता भूजावाले, रामचंद्र स्वर्णकार आदि ने बताया कि बरसात के दिनों में लगातार वर्षा होने के दौरान स्थानीय लोग, आपसी चंदा से पंपसेट चला कर पानी निकालते हैं। ऐसा नहीं करने पर सड़क के बगल वाली महादलित बस्ती में पानी घुस जाता है। यहां लोगों को पल पल का समय बिताना मुश्किल हो जाता है।
बीडीओ शिवशंकर राय ने बताया कि समस्या निदान के लिए एसएच को तोड़कर वहां ह्यूमपाइप लगाने की जरूरत है। इसके लिए संबंधित विभाग के वरीय पदाधिकारी का आदेश आवश्यक है।