फोटो गैलरी

Hindi Newsमहिला थाने में प्रेमी-प्रेमिका की हुई शादी

महिला थाने में प्रेमी-प्रेमिका की हुई शादी

महिला थाने में शुक्रवार को सात जन्मों के रिश्ते की डोर बंध गई। पुलिस ने दूल्हे की हाथरस जा रही बारात को रोक कर उसकी प्रेमिका से महिला थाने में ही शादी करा दी। आनन-फानन में मिठाई मंगाई और माला...

महिला थाने में प्रेमी-प्रेमिका की हुई  शादी
लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 29 Apr 2017 01:20 AM
ऐप पर पढ़ें

महिला थाने में शुक्रवार को सात जन्मों के रिश्ते की डोर बंध गई। पुलिस ने दूल्हे की हाथरस जा रही बारात को रोक कर उसकी प्रेमिका से महिला थाने में ही शादी करा दी। आनन-फानन में मिठाई मंगाई और माला मंगाकर जय माला भी करा दी। जिसके बाद महिला थाने से ही प्रेमिका की विदाई हो गई। एक घंटे तक तो थाना बिल्कुल शादी का मंडप सा नजारा रहा। रिठानी की रहने वाली प्रार्थना रानी का सनी निवासी बिजौली खरखौदा से दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा है।

प्रार्थना और सनी एक दूसरे से शादी करना चाहते थे लेकिन सनी के परिजन नहीं माने और सनी का रिश्ता हाथरस में कर दिया था। शुक्रवार को बारात हाथरस जानी थी। अपने साथ हुए धोखे से परेशान प्रार्थना रानी बहुत परेशान चल रही थी। प्रार्थना इसकी शिकायत लेकर गुरुवार को एसएसपी जे. रविंदर गौड के दरबार में पहुंची और अपनी आपबीती बताई। जिसके बाद एसएसपी ने तुरंत ही महिला थाना इंस्पेक्टर कंचन चौधरी को जांच पड़ताल कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। गुरुवार की दोपहर को ही कंचन चौधरी खरखौदा के बिजौली थाने में पहुंच गई थी। जहां पर मंडा कार्यक्रम घर में चल रहा था। पुलिस को देखकर यहां से सनी तो मौके से फरार हो गया था। पुलिस सनी की मां को हिरासत में लेकर थाने ले आई थी। शुक्रवार सुबह को अपने परिवार के सदस्यों के साथ सनी महिला थाने पहुंच गया। यहां दोपहर को कंचन चौधरी ने प्रार्थना और सनी के परिजनों को बुलाकर आमने-सामने पंचायत करा दी। जिसके बाद दोनो परिवार में रजामंदी के बाद सनी ने प्रार्थना का हाथ पकड़ लिया और दोनो ने एक दूसरे के साथ जीवनयापन करने की कसम खा ली। फिर क्या था दोनो ही परिवार के रिश्ते की डोर का गवाह महिला थाना बन गया। आनन-फानन में मिठाई मंगाई। वरमाला के लिए माला मंगाई। महिला थाने में पुलिस की मौजूदगी में दोनो की शादी कराई गई। जिसके बाद कोर्ट मैरिज करा दी गई। यही से ही ससुराल के लिए प्रार्थना की विदाई हो गई। पुलिस महकमे ने भी रसगुल्ले खाकर मुह मीठा किया। प्रार्थना और सनी को शादी की बधाईयां दी।

टूट गया हाथरस का रिश्ता

एक तरफ तो महिला थाने में शादी का कार्यक्रम चल रहा था। वहीं दूसरी ओर हाथरस से सनी और उसकी मां पर फोन आ रहे थे कि हाथरस कब तक आओगे। किस समय चढ़त होगी। इस दौरान महिला थाना इंस्पेक्टर ने तुरंत फोन पकड़ लिया और कहा कि अब बारात नहीं आएगी। हमने मेरठ में ही सनी की शादी करा दी।

थैंक्स मैडम, मेरी जिंदगी बच गई...

विदाई के समय प्रार्थना की आंखों से आंसू छलक कर बाहर आ गए। गले मिलते हुए कंचन चौधरी से बोली कि थैंक्स मैडम आपने मेरी जिंदगी बचा दी। मैं आपकी आभारी रहूंगी।

इन्होंने कहा...

युवक का युवती से पिछले दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजनों ने युवक का रिश्ता हाथरस में तय कर दिया था। शुक्रवार को बारात जानी थी। इसकी शिकायत युवती ने की थी। जिसके बाद मैंने युवक की मां को उठा लिया था। युवक फिर थाने आ गया था। दोनो परिवार की सहमति के बाद जयमाला थाने में करा दी। फिर बाद में कोर्ट मैरिज करा दी।

कंचन चौधरी इंस्पेक्टर महिला थाना

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें