फोटो गैलरी

Hindi Newsदिल्ली के 14 मुद्दों को पंजाब में हथियार बनाएगी भाजपा

दिल्ली के 14 मुद्दों को पंजाब में हथियार बनाएगी भाजपा

आम आदमी पार्टी की ओर से दिल्ली वालों से किए गए 14 अहम वादों को भाजपा अब पंजाब में अपना हथियार बनाएगी। आम जनता को 'आप' की राजनीति समझाई जा सके, इसके लिए भाजपा ने यह रणनीति तैयार की है। हाल ही...

दिल्ली के 14 मुद्दों को पंजाब में हथियार बनाएगी भाजपा
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 27 Jan 2017 06:40 PM
ऐप पर पढ़ें

आम आदमी पार्टी की ओर से दिल्ली वालों से किए गए 14 अहम वादों को भाजपा अब पंजाब में अपना हथियार बनाएगी। आम जनता को 'आप' की राजनीति समझाई जा सके, इसके लिए भाजपा ने यह रणनीति तैयार की है। हाल ही में इसके लिए दिल्ली की टीमें पंजाब में भेजी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने बताया कि यह टीम जनता को  दिल्ली के दुखद अनुभव समझाएगी ताकि पंजाब को छलने से बचाया जा सके।

उन्होंने कहा कि दिल्ली की तर्ज पर एक बार फिर से 'आप' के नेता पंजाब में तरह -तरह के वादे कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी का 2015 का घोषणा पत्र देखेंगे तो इस पत्र के 14 वादे ऐसे हैं जो आज तक लागू नहीं किए गए हैं। इन वादों को भाजपा ने 'आप' के छलावे बताया है। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि इस पोल खोल अभियान के लिए युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील यादव के नेतृत्व में एक टीम भेजी है। जो लगातार इन वादों से लोगों को समझाने की कोशिश कर रही है कि किस प्रकार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल छलावे की घोषणाओं के माहिर है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता से सरकार ने 1984 के पीड़ितों को मुआवजा देने का ऐलान किया था। इसके तहत 5 लाख रुपये की राशि दी जानी थी। इसके लिए केंद्र सरकार ने एक एसआईटी बनाई है, लेकिन दिल्ली सरकार इसमें सहयोग नहीं कर रही है। इसी प्रकार आम जनता को सस्ती बिजली देने का वादा किया गया था। इसके लिए 400 यूनिट तक की खपत निर्धारित की गई थी, लेकिन बाद में केवल 200 यूनिट तक खपत को सब्सिडी दी गई। बिजली की दरों में कमी करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। 

इसी प्रकार शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों की भर्ती की जानी थी, लेकिन सरकार ने तो अतिथि शिक्षकों को नियमित किया और न ही नई भर्तियां की। ऐसे ही एक दर्जन से अधिक मामले इन दिनों पंजाब में भी चर्चा में है। इनको ही भाजपा अपना हथियार बनाएगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें