फोटो गैलरी

Hindi Newsमुंबई पहला और दिल्ली देश का दूसरा सबसे अमीर शहर: रिपोर्ट

मुंबई पहला और दिल्ली देश का दूसरा सबसे अमीर शहर: रिपोर्ट

भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई देश का सबसे अमीर शहर है। मुंबई में 46,000 करोड़पति तथा 28 अरबपति रहते हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार मुंबई की कुल संपदा 820 अरब डॉलर है। न्यू वर्ल्ड वेल्थ के अनुसार मुंबई देश...

मुंबई पहला और दिल्ली देश का दूसरा सबसे अमीर शहर: रिपोर्ट
एजेंसीSun, 26 Feb 2017 03:55 PM
ऐप पर पढ़ें

भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई देश का सबसे अमीर शहर है। मुंबई में 46,000 करोड़पति तथा 28 अरबपति रहते हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार मुंबई की कुल संपदा 820 अरब डॉलर है। न्यू वर्ल्ड वेल्थ के अनुसार मुंबई देश का सबसे अमीर शहर है। दूसरे स्थान पर दिल्ली और तीसरे पर बेंगलुरु हैं। दिल्ली में करोड़पतियों की संख्या 23,000 और अरबपतियों की 18 है। दिल्ली की कुल संपदा 450 अरब डॉलर आंकी गई है। वहीं बेंगलुरु की कुल संपदा 320 अरब डॉलर है। वहां 7,700 करोड़पति और आठ अरबपति रहते हैं।

इस सूची में हैदराबाद 310 अरब डॉलर के साथ चौथे स्थान पर है। हैदराबाद में करोड़पतियों की संख्या 9,000 और अरबपतियों की छह है। कोलकाता में करोड़पतियों की संख्या 9,600 है और वहां 4 अरबपति रहते हैं। कोलकाता की कुल संपदा 290 अरब डॉलर आंकी गई है। इस सूची में शामिल अन्य शहरों में पुणे की कुल संपदा 180 अरब डॉलर है। वहां 4,500 करोड़पति और पांच अरबपति रहते हैं। चेन्नई की संपदा 150 अरब डॉलर है। वहां 6,600 करोड़पति और चार अरबपति रहते हैं। गुड़गांव की कुल संपदा 110 अरब डॉलर है। वहां 4,000 करोड़पति और दो अरबपति निवास करते हैं।

इस सूची में जो अन्य उभरते शहर शामिल हैं उनमें सूरत, अहमदाबाद, विशाखापत्तनम, गोवा, चंडीगढ़, जयपुर और वडोदरा शामिल हैं। देश में कुल संपदा 6,200 अरब डॉलर है। यह आंकड़ा दिसंबर, 2016 तक के हैं। देश में कुल करोड़पतियों की संख्या 2,64,000 और अरबपतियों की संख्या 95 है। 

पिछले साल 6,000 करोड़पति विदेश जाकर बसे

भारत उन पांच शीर्ष देशों में शामिल है जहां से बड़ी संख्या में करोड़पति लोग विदेश जाकर बस रहे हैं। न्यू वर्ल्ड वेल्थ रिपोर्ट के अनुसार बीते साल यानी 2016 में भारत से 6,000 ऐसे करोड़पति विदेश जाकर बस गए और यह संख्या इससे पूर्व वर्ष की तुलना में 50 प्रतिशत अधिक है। इसके अनुसार 2016 में लगभग 6,000 करोड़पति भारतीयों ने अपना निवास बदला जबकि 2015 में 4,000 करोड़पति विदेश जाकर बस गए थे।

सबसे अधिक धनी लोग ऑस्ट्रेलिया जा रहे हैं। लगातार दूसरे साल वह इस लिहाज से पहले स्थान पर रहा है। रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि 11,000 करोड़पति 2016 में ऑस्ट्रेलिया जाकर बसे। इसी दौरान 10,000 करोड़पति अमेरिका व 3,000 करोड़पति ब्रिटेन गए। रिपोर्ट में करोड़पति से आशय 10 लाख डॉलर या अधिक शुद्ध संपत्ति वाले व्यक्तियों से है। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें