फोटो गैलरी

Hindi News10 लाख मुआवजा, एक आश्रित का नौकरी के वादे पर सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म

10 लाख मुआवजा, एक आश्रित का नौकरी के वादे पर सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म

तीन सीवरमैनों की मौत के विरोध में गुरुवार को शुरू हुई सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल नगर निगमायुक्त सोनल गोयल द्वारा मांगे मान लेने पर दोपहर बाद ही समाप्त कर दी गई। हड़ताल पर गए सफाई...

10 लाख मुआवजा, एक आश्रित का नौकरी के वादे पर सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 30 Mar 2017 08:09 PM
ऐप पर पढ़ें

तीन सीवरमैनों की मौत के विरोध में गुरुवार को शुरू हुई सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल नगर निगमायुक्त सोनल गोयल द्वारा मांगे मान लेने पर दोपहर बाद ही समाप्त कर दी गई। हड़ताल पर गए सफाई कर्मचारियों का धरना-प्रदर्शन पर नेतृत्व कर रहे सफाई कर्मचारी यूनियन के नेताओं और निगमायुक्त के बीच हुए समझोते के बाद यूनियन ने हड़ताल समाप्त कर दी। 

निगमायुक्त सोनल गोयल ने कहा कि सेक्टर-31 में नगर निगम के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की सफाई करते समय जहरीली गैस की चपेट में आकर जान गंवाने वाले सीवरमैन राहुल, अतर सिंह और संतोष के परिजनों को दस-दस लाख रुपये और एक-एक आश्रितों को अनुबंध के आधार पर नौकरी दी जाएगी। साथ ही इस हादसे में घायल कर्मचारियों को भी एक-एक लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही ठेकेदार के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और मुआवजे की रकम ठेकेदार से ही वसूली जाएगी। साथ ही जांच के बाद दोषी निगम अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। समझौता बैठक में संयुक्तायुक्त अमरदीप जैन, मुकेश सोलंकी, प्रशासनिक अधिकारी केके गोयल, अधीक्षक अभियंता अनिल मेहता और यूनियन नेता बलबीर बाल गुहेर आदि मौजूद रहे। 

सुबह ही हड़ताल पर चले गए थे कर्मचारी
गुरुवार को सफाई कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर सफाई कर्मचारी अनिश्चितकाली हड़ताल पर चले गए थे। प्रदर्शनकारियों में नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष नरेश शास्त्री, सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलवीर बाल गुहेर, सीवरमैन यूनियन के पूर्व प्रधान अनूप चिंडालिया, सीवरमैन प्रधान सुभाष फौगाट, म्युनिस्पिल कॉरपोरेषन इंप्लाइज फैडरेशन के प्रधान रमेश जागलान, सुभाष राजू भटोतिया आदि शामिल हुए। यूनियन के प्रधान बलवीर बाल गुहेर ने समझौते के बाद बताया कि निगमायुक्त सोनल गोयल ने उनकी मांगों को मानते हुए मृतकों के पीड़ित परिजनों को माननीय उच्चतम न्यायालय के एक आदेश के मुताबिक मृतक के परिवारों को तुरंत मद्द दी जाएगी। इसमें 10-10 लाख रुपये मुआवजा और अनुबंध के आधार पर एक-एक आश्रित को नौकरी देना है। 

निगमायुक्त ने घायल कर्मचारियों का कुशलक्षेम पूछी 
निगमायुक्त वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अस्पताल जाकर घायल कर्मचारियों की कुशलक्षेम पूछी। निगमायुक्त ने पीड़ित परिजनों के आश्रितों से भी मुलाकात की। दुख की घड़ी में हिम्मत से काम लेने का आग्रह किया। इस घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए, कि भविष्य में ऐसी दुर्घटना नहीं होवे इसके लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरण खरीदें। 

पर्याप्त नहीं है सुपर शकर मशीन
नगर निगम के पास मात्र तीन सुपरशोकर मशीन हैं। ऐसे में एक वार्ड में एक मशीन का एक डेढ़ से अधिक नंबर नहीं आता है। जबकि कई वार्डों की स्थिति ऐसी है कि वहां हर दूसरे दिन सीवर साफ करना पड़ता है। ऐसे में नगर निगम के पास कम से कम 10 सुपर शकर मशीनों की आवश्यकता है। मशीन नहीं 
होने से सीवरमैन को हॉल में उतार दिया जाता है। अधिकांश सीवर लाइन की सफाई का काम ठेके पर दिया गया है। ठेकेदार अधिकारियों की मिलीभगत से नियमों को पालन नहीं करता है। 

21वीं सदी में भी बंद नहीं हो रहा मैला साफ करना 
समाजसेवी ओपी धामा का कहना है कि 21वीं सदी में भी मैला साफ करने की प्रथा समाप्त नहीं हो रही है। सिर पर मैला ढोने की प्रथा जैसा ही है सीवर के अंदर घुसकर सफाई करना। सीवर साफ करते कर्मचारियों की मौत व्यवस्था को चिढ़ाती है। एक और देश की तरक्की के दावे किए जा रहे हैं दूसरी और सीवर सफाई का काम व्यक्ति कर रहा है। कभी सीवर साफ करते कर्मचारी को देखेंगे तो उसके तन पर सिर्फ कच्छा और गर्दन गंदगी दिखाई देगी। वर्ष 1994 से अब तक करीब 19 कर्मचारी सीवर साफ करते समय मौत का ग्रास बन चुके हैं। सीवर साफ करने में नियमों का पालन नहीं किया जाता है। 

सीवर मैन के लिए नियमों पर एक नजर  
-सीवरमैन की कमर पर ऑक्सीजन गैस का सिलेंडर बंधा हो
-मास्क के माध्यम से ऑक्सीजन लिंक हो
-सभी उपकरण गुणवत्तायुक्त हो
-सेफ्टी बेल्ट बंधी हो
-बेल्ट रस्से से बंधी हो
-सीवरमैन बूट, मास्क पहने हों
-रस्सा पकड़े दो कर्मचारी ऊपर हो ताकि इशारे पर ही उसे तुरंत ऊपर खींच लिया जाए

खास बातें 
शहर की आबादी : करीब 18 लाख
सीवरलाइन: करीब 900 किलोमीटर 
डिस्पोजल: 23
सफाई कर्मचारी: 3368
सीवरमैन: 221 नियमित और 117 ठेकेदारी पर
सुपरशॉकर मशीन: 3

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें