फोटो गैलरी

Hindi Newsतम्बौर में हर्ष फायरिंग में एक की मौत, चार घायल

तम्बौर में हर्ष फायरिंग में एक की मौत, चार घायल

थाना क्षेत्र के गोडियनपुरवा में तिलक समारोह में हुई हर्ष फायरिंग में चार लोग घायल हो गए। इलाज के लिए जाते समय एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना को लेकर अफरातफरी का माहौल बन गया। पुलिस सीमा विवाद को लेकर...

तम्बौर में हर्ष फायरिंग में एक की मौत, चार घायल
लाइव हिन्दुस्तान टीमMon, 03 Apr 2017 04:11 PM
ऐप पर पढ़ें

थाना क्षेत्र के गोडियनपुरवा में तिलक समारोह में हुई हर्ष फायरिंग में चार लोग घायल हो गए। इलाज के लिए जाते समय एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना को लेकर अफरातफरी का माहौल बन गया। पुलिस सीमा विवाद को लेकर रात भर टाल-मटोल करती रही। मृतक की पत्नी की तहरीर पर दो लोगों पर केस दर्ज कर लिया गया है।

रविवार रात 11 बजे रेउसा थाना क्षेत्र के भरथा गांव के सोनेलाल पुत्र हीरालाल की लड़की का तिलक तम्बौर थाना क्षेत्र के गोडियनपुरवा के राधेलाल के लड़के राममनोहर के साथ करने आए थे। तिलक की लग्न को लेकर नाई इलियास पुत्र छेद्दु निवासी करसा थाना रेउसा कार्यक्रम में रस्म अदायगी करवा रहा था। तिलक चढ़ने की पूरी तैयारियां चल रही थीं। लड़की पक्ष की ओर से आए ओम प्रकाश पुत्र रामस्वरूप ने अपनी लाइसेंसी 12 बोर की बन्दूक से एक फायर कर दिया। आरोप है कि इसके बाद लड़के पक्ष के भानीपुर गांव के रंजीत वर्मा पुत्र राममूर्ति वर्मा देशी तमंचे से फायर करने के लिए कारतूस को लोड करने लगा। कारतूस लोड करते ही सीधे तमंचे से फायर हो गया। सामने लड़के पक्ष के बैठे नाई इलियास पुत्र छेद्दू, रामपल्टन पुत्र बच्चूलाल, भागीराम पुत्र परमेश्वर, कल्लू पुत्र छेद्दू के गोली के छर्रे लग गए। इलियास की गर्दन में कई छर्रे लग गए। हर्ष से भगदड़ मच गई। गंम्भीर रूप से घायल इलियास को आनन-फानन में रेउसा सीएचसी लेकर जा रहे थे। रास्ते में इलियास की मौत हो गई। घायल अन्य साथियों का इलाज तम्बौर सीएचसी पर चल रहा है। सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है। फायरिंग की घटना को लेकर तम्बौर और रेउसा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीमा विवाद को लेकर रात भर टाल मटोल चलता रहा। मृतक की पत्नी शकीला ने सोमवार सुबह तम्बौर थाने में ओमप्रकाश पुत्र रामस्वरूप व रंजीत वर्मा पुत्र राममूर्ति वर्मा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोमवार दोपहर बिसवां सीओ शेषमणि पाठक ने घटनास्थल की जांच की। पुलिस मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नही कर सकी है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें