फोटो गैलरी

Hindi Newsअखिलेश के करीबी मंत्री को शिवपाल ने सपा से निकाला

अखिलेश के करीबी मंत्री को शिवपाल ने सपा से निकाला

समाजवादी पार्टी में कलह कम होने का नाम नहीं ले रही है। प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने बुधवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के करीबी वन राज्य मंत्री पवन पांडे को पार्टी से छह साल के लिए बर्खास्त कर...

अखिलेश के करीबी मंत्री को शिवपाल ने सपा से निकाला
लाइव हिन्दुस्तान टीमWed, 26 Oct 2016 11:39 PM
ऐप पर पढ़ें

समाजवादी पार्टी में कलह कम होने का नाम नहीं ले रही है। प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने बुधवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के करीबी वन राज्य मंत्री पवन पांडे को पार्टी से छह साल के लिए बर्खास्त कर दिया। उन्होंने पवन को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने के लिए मुख्यमंत्री को पत्र भी लिखा है।

गुंडई बर्दाश्त नहीं करेंगे: मेरठ से एमएलसी आशु मलिक की पिटाई को सपा प्रमुख मुलायम सिंह और प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल गंभीरता से लिया है। शिवपाल ने पत्रकारों से कहा कि पवन पांडे पर विधान परिषद सदस्य आशु मलिक के साथ बुरा बर्ताव और मारपीट का आरोप है। नेताजी के निर्देश पर उन्हें पार्टी से बर्खास्त किया गया है। पार्टी गुंडई करने वाले, दो नंबर का काम करने और गलत आचरण करने वालों को बर्दाश्त नहीं करेगी। गौरतलब है कि आरोपों के बाद पांडे को मंगलवार को सीएम ने भी मिलने को बुलाया था।

राज्यपाल से मिले सीएम: यूपी के राज्यपाल रामनाइक ने बुधवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को बातचीत के लिए बुलाया। बंद कमरे में दोनों के बीच करीब आधे घंटे बातचीत हुई। सूत्रों के अनुसार, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के बीच बहुमत को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई। राज्यपाल ने कहा कि बहुमत पर तो वे तब बात करते जब कोई चुनौती देता, लेकिन अभी तक ऐसी कोई बात नहीं है। राज्यपाल ने उन अटकलों को भी खारिज किया कि मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को अपने साथ 205 विधायकों के समर्थन का पत्र दिया। 

बंगला छोड़ने की चर्चा: शिवपाल द्वारा सरकारी बंगला छोड़ने की चर्चा भी रही। हालांकि, राज्य संपत्ति अधिकारी बृजराज सिंह ने इसकी पुष्टि नहीं की है। शिवपाल को कालिदास मार्ग पर बंगला बतौर कैबिनेट मंत्री की हैसियत से आवंटित है। सरकारी आवास से उनकी नेम प्लेट हटा दी गई है। इसके बाद से उनके द्वारा सरकारी आवास छोड़ने की चर्चा गरम है।
 
मैं मुख्यमंत्री के अधीन नहीं आता: शिवपाल
सपा प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने मंत्रिमंडल में वापसी के बारे में उन्होंने कहा कि अब वह सरकार में मंत्री नहीं है। ऐसे में वे अखिलेश यादव के अधीन नहीं आते हैं। वे अपना पूरा फोकस संगठन पर कर रहे हैं। उन्होंने ने कहा कि तीन नवंबर को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव यात्रा शुरू करते वक्त उन्हें मंच पर बुलाते हैं, तो वह जरूर जाएंगे। उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि पार्टी में किसी तरह कोई विवाद नहीं है।       

वो साजिश करते रहे और हम काम: सीएम
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने समर्थकों को चुनाव की तैयारियों में जुट जाने की नसीहत दी है। उन्होंने कहा, ‘वो साजिश करते रहे हैं और हम काम, इसी का नतीजा है कि आज हमारी जनता के बीच अच्छी छवि है।’
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें