फोटो गैलरी

Hindi Newsकेसरिया परचम फहराया, सातों सीटों पर कमल खिला

केसरिया परचम फहराया, सातों सीटों पर कमल खिला

मोदी की सुनामी ने सपा, बसपा, रालोद और कांग्रेस को क्लीन स्वीप कर दिया। जिले की सातों सीटों पर परचम फहराते हुए भाजपा का पहली बार कमल खिला। वहीं जनता ने अखिलेश-राहुल के साथ को नापंसद करते हुए सपा की...

केसरिया परचम फहराया, सातों सीटों पर कमल खिला
लाइव हिन्दुस्तान टीमSun, 12 Mar 2017 07:08 AM
ऐप पर पढ़ें

मोदी की सुनामी ने सपा, बसपा, रालोद और कांग्रेस को क्लीन स्वीप कर दिया। जिले की सातों सीटों पर परचम फहराते हुए भाजपा का पहली बार कमल खिला। वहीं जनता ने अखिलेश-राहुल के साथ को नापंसद करते हुए सपा की चारों सीटों को छीन कर भाजपा की गोदी में डाल दिया। पहली बार रालोद के गढ़ कही जाने वाली खैर और इगलास सीट पर भाजपा ने परचम फहराया। बसपा के दिग्गज नेता व पूर्व मंत्री ठा. जयवीर सिंह को भी करारी शिकस्त मिली। उन्हें रालोद छोड़ भाजपा के टिकट से चुनाव लड़े सिटिंग विधायक ठा. दलवीर सिंह ने हराया।

शनिवार को सुबह आठ बजे से धनीपुर स्थित मंडी परिसर में जिले की सातों सीटों की मतगणना शुरू हुई। परिणाम आए तो सभी को हैरत में डाल दिया। शहर सीट से भाजपा के संजीव राजा ने जीत दर्ज की। उन्होंने सपा के सिटिंग विधायक और प्रसिद्ध उद्योगपति जफर आलम को कड़ी टक्कर देते हुए 15,440 मतों से हराया। यही हाल कोल सीट का रहा। यहां पर पहली बार चुनाव मैदान में उतरे भाजपा के अनिल पाराशर ने सपा के अज्जू इशहाक को 50,963 वोट से हराते हुए जीत का परचम फहराया।

इसी तरह अतरौली से राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह के पौत्र संदीप सिंह ने सपा के सिटिंग विधायक वीरेश यादव को करारी शिकस्त दी। उन्होंने 50,967 मतों से जीत दर्ज की। छर्रा से भी कल्याण सिंह के नजदीकी माने जाने वाले भाजपा प्रत्याशी रवेन्द्रपाल सिंह ने सपा के सिटिंग विधायक राकेश सिंह को 56,134 मतों से हरा कर जीत का परचम फहराया। भाजपा का विजय रथा यहीं नहीं थमा। दिग्गजों की सीट माने जाने वाली बरौली सीट पर भी भाजपा ने पहली जीत दर्ज कर सभी को चौंका दिया।

यहां से भाजपा के दलवीर सिंह ने बसपा के पूर्व मंत्री जयवीर सिंह को 38,763 मतों के अंतर से हरा दिया। इगलास (सुरक्षित) से पहली बार चुनाव मैदान में उतरे भाजपा के राजवीर दिलेर ने बसपा के दिग्गज नेता राजेन्द्र कुमार को शिकस्त दी। उन्होंने उन्हें 74,800 मतों के भारी अंतर से हराया। इसी तरह खैर (सुरक्षित) सीट पर भी भाजपा ने परचम फहराया। यहां से अनूप वाल्मीकि ने बसपा के राकेश मौर्य को 70,721 मतों से परास्त कर दिया।

इन चुनाव परिणामों से साफ है कि सक्रिय राजनीति से हटने के बाद भी राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह का जादू अतरौली में मतदाताओं के सिरचढ़कर बोला, वहीं बसपा का सोशल इंजीनियरिंग का फार्मूला पूरी तरह से ढेर हो गया।

हालांकि बसपा के लिए हल्की राहत की बात यह है कि वह तीन सीटों पर दूसरे नंबर रही है। खास बात यह रही कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी के साथ को जिले की जनता ने पूरी तरह से नकार दिया। सपा की शहर, कोल, छर्रा और अतरौली सीट हाथ से खिसक गईं। यही हाल रालोद का रहा। उसकी सिटिंग सीट खैर, इगलास और बरौली पर भी भाजपा ने परचम फहरा कर रालोद के वजूद को हिलाकर रख दिया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें