फोटो गैलरी

Hindi Newsयूपी: ये नेता हैं सीएम की रेस में, बीजेपी बना सकती हैं दो डिप्टी CM

यूपी: ये नेता हैं सीएम की रेस में, बीजेपी बना सकती हैं दो डिप्टी CM

उत्तर प्रदेश में प्रचंड जीत के साथ सत्ता में वापस आई बीजेपी में सीएम पद के लिए मंथन का दौर जारी है। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, यूपी बीजेपी अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य और मनोज सिन्हा उम्मीदवारी की...

यूपी: ये नेता हैं सीएम की रेस में, बीजेपी बना सकती हैं दो डिप्टी CM
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 14 Mar 2017 10:21 PM
ऐप पर पढ़ें

उत्तर प्रदेश में प्रचंड जीत के साथ सत्ता में वापस आई बीजेपी में सीएम पद के लिए मंथन का दौर जारी है। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, यूपी बीजेपी अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य और मनोज सिन्हा उम्मीदवारी की रेस में आगे बताए जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सहयोगी दलों के साथ 325 सीटें जीतने बीजेपी दो डिप्टी सीएम बना सकती है।

ये नेता हैं सीएम पद की रेस में

दिनेश शर्मा

भारतीय जनता पार्टी के साथ-साथ राजनैतिक विश्लेषकों में भी इस बात की चर्चा है कि यूपी में बीजेपी की ओर से दिनेश शर्मा मुख्यमंत्री बन सकते हैं। दिनेश शर्मा लखनऊ के मेयर हैं और साथ ही साथ पार्टी उन्हें पीएम मोदी के राज्य गुजरात का प्रभारी भी बना चुकी है। वहीं, नवंबर 2014 में दिनेश शर्मा को बीजेपी का राष्ट्रीय सदस्यता अभियान का प्रभारी भी बनाया गया था। इस अभियान के बाद बीजेपी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी थी।

राजनाथ सिंह

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह को लेकर भी चर्चाएं हैं कि वे प्रदेश के मुख्यमंत्री बनाए जा सकते हैं। वर्तमान समय में राजनाथ सिंह केंद्रीय गृहमंत्री हैं।

मनोज सिन्हा

रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने इस यूपी चुनाव के दौरान काफी प्रचार किया है। उन्होंने पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र में अहम भूमिका निभाई थी। इसके अलावा मनोज सिन्हा के पूर्वांचल से आने की वजह से भी उनके मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल होने की संभावनाएं अधिक हैं।

केशव प्रसाद मौर्य

भारतीय जनता पार्टी ने केशव प्रसाद मौर्य को यूपी की कमान कुछ साल पहले सौंपी थी। यूपी में उन्हें मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। मालूम हो कि महाराष्ट्र में भी पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री बनाया था।

योगी आदित्यनाथ

भारतीय जनता पार्टी के फायरब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ ने इस चुनाव में काफी प्रचार किया है। हालांकि, वे हमेशा ही कहते रहे हैं कि पार्टी जिसे मुख्यमंत्री बनाएगी, वो ही यूपी का सीएम बनेगा। बीजेपी ने उन्हें इस चुनाव में स्टार प्रचारक भी बनाया था। योगी आदित्यनाथ भी प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में एक हैं।
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें