फोटो गैलरी

Hindi Newsबूचड़खानों पर नकेलः योगी बोले- नया कानून नहीं, SC-NGT के आदेश का पालन

बूचड़खानों पर नकेलः योगी बोले- नया कानून नहीं, SC-NGT के आदेश का पालन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अवैध बूचड़खानों पर सख्ती का संकेत देते हुए सोमवार को कहा कि, हम सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन कर रहे हैं। 17 फरवरी 2017 को सुप्रीम कोर्ट ने अवैध बूचड़खानों को लेकर...

बूचड़खानों पर नकेलः योगी बोले- नया कानून नहीं, SC-NGT के आदेश का पालन
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 28 Mar 2017 12:14 PM
ऐप पर पढ़ें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अवैध बूचड़खानों पर सख्ती का संकेत देते हुए सोमवार को कहा कि, हम सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन कर रहे हैं। 17 फरवरी 2017 को सुप्रीम कोर्ट ने अवैध बूचड़खानों को लेकर दिशा-निर्देश दिए हैं। इससे पहले एनजीटी 12 मई 2015 को इस बारे आदेश दे चुका है। क्या कानून का पालन नहीं होना चाहिए ? हमने कोई नया कानून नहीं बनाया है। जो कानून अस्तित्व में है सिर्फ उसका पालन कर रहे हैं। हम किसी के खिलाफ नहीं है। किसी के पक्ष में भी नहीं हैं। सरकार कानून का पालन करवा कर रहेगी।

मुख्यमंत्री सोमवार को जब 'हिन्दुस्तान' से एक्सक्लूसिव बात कर रहे थे तब दिन के कोई 1:30 बजे थे। इससे पहले वे अपने तमाम काम निपटा चुके थे। इसी दौरान गोमती रिवर फ्रंट का निरीक्षण कर वहीं अफसरों के साथ बैठक की। हिदायत दी। कहा-वे सुबह 5 बजे से काम में जुट जाते हैं।

ये भी पढ़ें: बुधवार से 9 दिन व्रत रहेंगे सीएम योगी, ये है उनका नवरात्र मेन्यू

उनसे 'हिन्दुस्तान' ने पूछा कि आपकी सख्त कार्यशैली पर कुछ लोग सवाल उठा रहे हैं? कुछ लोग भयभीत भी हैं? योगी का जवाब था 'किसी को डरने की जरूरत नहीं है, तो किसी को छूट भी नहीं है। संविधान और कानून का पालन करने वाले को क्यों डरना।' 

एंटी रोमियो दस्ते की पुलिस अतिउत्साह में दिख रही है, जो लोग निर्दोष हैं उन्हें भी परेशान किया जा रहा है? जवाब में मुख्यमंत्री कहते हैं, इस बारे में स्थिति स्पष्ट कर दी गई है। जो लोग आपस में दोस्त हैं। सहमति से साथ हैं, उन्हें परेशान नहीं किया जाएगा। यदि पुलिस ऐसा करती है तो उसको भी बख्शा नहीं जाएगा। यह भी साफ है कि बहन-बेटियों पर बुरी नजर डाली तो छोड़ा भी नहीं जाएगा।

ये भी पढ़ें: एक्शन में योगी: मुख्यमंत्री बनते ही एक हफ्ते में लिए ये 50 फैसले

वह अपना एजेंडा साफ करते हुए सख्त लहजे में कहते हैं- गुंडों की नहीं चलेगी। माफिया नहीं बचेंगे। दलालों की एंट्री बंद कर दी है। यदि किसी ने कोशिश भी की तो परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहे। जमीनों पर कब्जों के दिन बीत गए। ऐसा करने वाले सलाखों के पीछे होंगे। वे जोर देते हुए कहते हैं 'आप देखना यह होकर रहेगा।'

प्रदेश में 24 घंटे बिजली देने के वादे की उन्होंने अपने अंदाज में व्याख्या की- देश में बिजली की कमी है ही नहीं। लाईन लॉस 15-20 प्रतिशत है। कागजों में 35-40 प्रतिशत दिखा कर चोरी की जा रही है। इसे रोकेंगे भी, बिजली भी देंगे। हां जल्दी ही देंगे।

कैबिनेट बैठक कब है? सभी को इंतजार है। खासतौर पर किसानों को?
उसी की तैयारियां चल रही हैं। किसानों से जो वादा किया है,कर्ज माफी का। उसका आंकलन किया जा रहा है। यह वादा जल्दी ही पूरा होगा, उत्तर मिला।

मुख्यमंत्री ने लखनऊ के गोमती रिवर फ्रंट का निरीक्षण किया। वहीं पर अफसरों की क्लास ली। इस पर वह कहते हैं – गोमती प्रोजेक्ट वास्तव में नमामि गंगे प्रोजेक्ट का ही हिस्सा है। जब तक छोटी और गंगा की सहायक नदियां प्रदूषण मुक्त नहीं होंगी, तब तक गंगा प्रदूषण मुक्त हो ही नहीं सकती। अंत में उन्होंने कहा कि कानून का राज होगा। किसी को डरने की जरूरत नहीं है। प्रधानमंत्री के सबका साथ सबका विकास एजेंडे को वे अक्षरश: लागू करेंगे।

एक्शन में योगी: मुख्यमंत्री बनते ही एक हफ्ते में लिए ये 50 फैसले

जनता की गाढ़ी कमाई नहीं लुटने देंगे : योगी

पीएम मोदी की राह पर सीएम योगी: इन 5 फैसलों से मिलती है झलक

योगी बोले, तुलसीदास ने अकबर को नहीं माना राजा

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें