आपके राज बताएंगे आपके बाल

जब बात व्यक्तित्व निखारने की हो तो भला बालों की चर्चा कैसे न हो! बाल हमारे व्यक्तित्व का अहम हिस्सा हैं। आपके बाल आपके व्यक्तित्व के बारे में क्या कहते हैं, बता रही हैं स्वाति शर्मा मेरी नानी को...

offline
आपके राज बताएंगे आपके बाल
Anuradha हिन्दुस्तान फीचर टीम , नई दिल्ली
Sun, 8 Sep 2019 3:09 PM

जब बात व्यक्तित्व निखारने की हो तो भला बालों की चर्चा कैसे न हो! बाल हमारे व्यक्तित्व का अहम हिस्सा हैं। आपके बाल आपके व्यक्तित्व के बारे में क्या कहते हैं, बता रही हैं स्वाति शर्मा

मेरी नानी को यह बिल्कुल पसंद नहीं था कि मैं अपने बाल कटवाऊं। कहती थीं, लड़कियां तो लंबे बालों में ही अच्छी लगती हैं। बाल खुले रखने पर मुझे आज भी मां से डांट पड़ जाती है। बोलती हैं, सलीके से रहा करो, कैसी बेपरवाह-सी घूमा करती हो... 
बालों को लेकर बड़ों की रोक-टोक तो घर-घर में आम है। लेकिन क्या आपने गौर किया है कि अपने अंदाज को बदलने के लिए हम सबसे पहले अपना हेयर स्टाइल ही बदलते हैं?  दरअसल, हमारे शरीर का हर एक हिस्सा साथ मिलकर ही व्यक्तित्व का निर्माण करता है। बाल भी उनमें से एक है। बालों को संवारने का तरीका आपके व्यक्तित्व का आईना बन जाता है। एक पर्सनैलिटी रीडर या फेस रीडर बालों को देखकर आपके निजी जीवन के तौर-तरीकों का आसानी से पता लगा सकते हैं। तो कुछ बातें आप भी जान ही लीजिए :

बालों की लंबाई की बातें
अगर आप छोटे बालों में स्टाइलिंग पसंद करती हैं तो इससे जाहिर होता है कि आप बालों के जरिये अपने व्यक्तित्व को बयां करना चाहती हैं। इस तरह के बाल रखने वालों में कला के प्रति रुझान देखा जाता है। इस तरह की हाई मेंटेनेंस स्टाइल आपकी अच्छी आर्थिक स्थिति की ओर भी इशारा करती है। पर, इसका दूसरा पहलू भी है। छोटे बाल आप में दबी असुरक्षा की भावना को भी दर्शाते हैं। इससे पता चलता है कि आप समाज में खुद के लिए स्वीकृति चाहती हैं, साथ ही आपको खुद के प्रति दूसरों की राय भी चिंतित करती रहती है। ज्यादा छोटे बालों वाली महिलाओं को खुद की भावनाओं के प्रति कम संवेदनशील माना जाता है। वहीं ,अगर आप ब्लंट कट रखती हैं तो समझा जाता है कि आप लॉजिक पर ज्यादा ध्यान देती हैं और सीधे मुद्दे की बात करती हैं।

घुंघराले या फिर सीधे
अगर आपके बाल घुंघराले हैं या आप अपने बालों को खोलकर रखना पसंद करती हैं तो यह दर्शाता है कि आप मौज-मस्ती पसंद करती हैं। ऐसे लोगों को ऊर्जा से भरपूर और अधिक उत्साही माना जाता है। वहीं वेवी बाल वालों को भी मौज-मस्ती वाला माना जाता है, लेकिन इसके साथ ही उन्हें रचनात्मक और ख्वाबों में खोए रहने वाला भी समझा जाता है। ऐसे लोग अधिक कर्मठ और घूमना-फिरना पसंद करने वाले समझे जाते हैं। दूसरी ओर सीधे बाल बताते हैं कि आप सुलझी हुई और नियमों को मानने वाली महिला हैं। ऐसी महिलाओं को सामाजिक, शांत और ऐलिगेंट समझा जाता है।

रंग भी बयां करते हैं कुछ
बालों के सफेद होते ही ज्यादातर लोग उन्हें रंगना शुरू कर देते हैं। अगर आप अपने सफेद होते बालों से संतुष्ट होने वाली महिला हैं तो समझा जाता है कि आप लोगों की सोच पर ज्यादा गौर नहीं करतीं और जैसी हैं, वैसी ही दिखना अधिक पसंद करती हैं। वहीं अगर आप बालों के साथ प्रयोग करती रहती हैं, उन्हें रंगती हैं तो आप अपनी इमेज के प्रति संवेदनशील समझी जाती हैं। यह दर्शाता है कि आप चीजों को अपने नियंत्रण में रखना पसंद करती हैं। जो लोग फैशन के चलते बालों को रंगते हैं, उनके रंगों का चुनाव भी उनके व्यक्तित्व का आईना बन जाते हैं। लाल रंग पसंद करने वालों को गुस्सैल, उत्साह और ऊर्जा से भरपूर, अनोखा और घुमंतू समझा जाता है। अगर आप ब्लॉन्ड बाल रखती हैं तो इसका अर्थ है कि आप मौज-मस्ती वाली, कर्मठ, बोल्ड और आकर्षक महिला हैं। भूरे बालों की महिलाओं को शांत स्वभाव वाला माना जाता है। साथ ही इन्हें स्मार्ट, कामयाब, दयालु और मजाकिया भी समझा जाता है। काले बालों वाली महिलाओं को तेज-तर्रार और चतुर माना जाता है, वहीं सिल्वर बालों वाली महिलाओं को ताकतवर, कामयाब, आत्मविश्वासी और बुद्धिमान समझा जाता है।

किस तरह रखती हैं अपने बाल
बालों को रखने का तरीका भी आपके व्यक्तित्व को दर्शाता है। मसलन आप उन्हें खुला रखना, करीने से बांधना या साधारण तरीके से लपेटकर रखना पसंद करती हैं तो इससे जाहिर होता है कि आप नियंत्रण रखना, आदेश देना और व्यवस्थित रहना पसंद करती हैं। अगर आप सफाई से जूड़ा बनाती हैं या बालों को बांधकर रखती हैं तो आपको सलीके से रहने वाली महिला समझा जाता है। ऐसी महिलाएं बंधनों और नियमों को मानने वाली होती हैं। ये बात घर और बाहर दोनों जगह लागू होती है। अगर आप बालों को खुला रखना पसंद करती हैं, ढीले बाल बांधती हैं या फिर यूं ही किसी भी किस्म का जूड़ा बना लेती हैं तो समझा जाता है कि आप खुले विचारों की आजादी पसंद करने वाली महिला हैं। ऐसी महिलाओं को बेपरवाह भी समझा जाता है।

लंबे बाल बनाते हैं आकर्षक
लंबे बालों की तारीफ में आपने बहुत कुछ सुना होगा। ऐसे बाल रखने वाली महिलाओं को सुंदर माना जाता है। साथ ही यह भी माना जाता है कि ऐसे बालों वाली महिलाएं खुद को आकर्षक दिखाना पसंद करती हैं।  लंबे बालों वाली महिलाओं को खुद की भावनाओं  के प्रति अधिक संवेदनशील माना जाता है। ऐसी महिलाएं ज्यादा रोमांटिक, कल्पनाशील और रचनात्मक समझी जाती हैं।


महिलाओं को अपने बालों के रख-रखाव के प्रति संवेदनशील रहना चाहिए। अगर आप कामकाजी हैं तो जरूरी है कि आप बालों को करीने से संवारें। खुले बाल रखना चाहती हैं तो उन्हें स्ट्रेट रखें, नहीं तो हाई पोनी या बन बनाकर रखें। बालों का रखरखाव प्रोफेशन के अनुरूप करें। बालों में ढीला बैंड नहीं लगाएं और उसका रंग बालों के रंग से मेल खाता चुनें।
 

हमें फॉलो करें
ऐप पर पढ़ें

अनोखी की अगली ख़बर पढ़ें
Hair Hair Care Hair Care Tips
होमफोटोवीडियोफटाफट खबरेंएजुकेशनट्रेंडिंग ख़बरें