महिला थाना प्रभारी रूपा तिर्की की हत्या से क्षेत्र के लोगो में आक्रोश

रातू थाना क्षेत्र के टेंडर बगीचा के पास रहनेवाली रातू की बेटी और साहिबगंज महिला थाना प्रभारी रूपा तिर्की की मौत से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश...

offline
महिला थाना प्रभारी रूपा तिर्की की हत्या से क्षेत्र के लोगो में आक्रोश
Newswrap हिन्दुस्तान टीम , रांची
Wed, 5 May 2021 3:50 AM

रातू प्रतिनिधि

रातू थाना क्षेत्र के टेंडर बगीचा के पास रहनेवाली रातू की बेटी और साहिबगंज महिला थाना प्रभारी रूपा तिर्की की मौत से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने कहा कि रूपा तिर्की कभी आत्महत्या नहीं कर सकती। वह एक ईमानदार छवि की युवती थी। साहिबगंज से उसके चाचा गोपी ने बताया कि मेरी भतीजी आत्महत्या नहीं कर सकती, उसकी हत्या की गई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से दोषी लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ हत्या प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।

रातू के डंडई हेहल में होगा दाह संस्कार

रूपा तिर्की का दाह संस्कार उसके पैतृक आवास रातू थाना क्षेत्र के डंडई हेहल में होगा। परिजनों ने बताया कि मंगलवार की देर रात तक रूपा का पार्थिव शरीर गांव आ जाएगा, परंतु अंतिम संस्कार बुधवार को होगा।

पुलिस जॉब से पहले बैंक पीओ थी रूपा

रूपा के घरवालों ने बताया कि रूपा काफी मृदभाषी होने के साथ मिलनसार थी। जॉब करने से पहले घर के आसपास के बच्चों को टयूशन पढ़ाती थी। इसी बीच रूपा का बैक ऑफ इंडिया में पीओ के पद पर जॉब लग गया। इसके बाद उसने बीओआई सिसई में काम भी किया। नौकरी लगने के बावजूद वह पुलिस सेवा के लिए प्रयास करती रही।

इसके बाद उसका चयन पुलिस विभाग में हो गया। कुछ ही दिनों में अपने काम से उसने उच्च अधिकारियों को प्रभावित कर दिया। इसके बाद उसे साहिबगंज में महिला थाना प्रभारी बनाया गया, जहां वह कार्यरत थी।

जिला परिषद सदस्य ने उच्च स्तरीय जांच की मांग

रातू दक्षिणी के जिला परिषद सदस्य अमर उरांव ने रूपा तिर्की की आत्महत्या को हत्या बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री सहित उच्च अधिकारियों से इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की है। अमर उरांव ने बताया कि परिजनों के अनुसार रूपा के कई सहयोगी उसकी प्रोन्नति से जलते थे। सभी लोगों ने एक साजिश के तहत रूपा की हत्या की है। उन्होंने कहा कि यदि घटना की निष्पक्ष जांच नहीं की गई तो सरना समाज सड़क पर उतरेगा। सरना प्रार्थना सभा की रेणु तिर्की, पंचम उरांव, कुशल उरांव, प्यारी उरांव, पार्वती उरांव ने भी रूपा मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।
हमें फॉलो करें
ऐप पर पढ़ें

झारखंड की अगली ख़बर पढ़ें
Renu-tirkey Kushal-oraon Parvati-oraon Pyari-oraon
होमफोटोवीडियोफटाफट खबरेंएजुकेशनट्रेंडिंग ख़बरें