ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड रांचीरांची की ट्रेनें 120 किमी की स्पीड से दौड़ेंगी

रांची की ट्रेनें 120 किमी की स्पीड से दौड़ेंगी

रांची से रेलयात्रा अब समय पर और आसान होगी। दक्षिण पूर्व रेलवे जोन की पटरियां दुरुस्त की गई हैं। अब इन पर ट्रेनों की गति 95 से बढ़ाकर 110 किमी प्रतिघंटा कर दी गई है। शुक्रवार को चांडिल-मुरी रेल सेक्शन...

रांची की ट्रेनें 120 किमी की स्पीड से दौड़ेंगी
हिन्दुस्तान टीम,रांचीSat, 20 Jan 2018 01:43 AM
ऐप पर पढ़ें

रांची से रेलयात्रा अब समय पर और आसान होगी। दक्षिण पूर्व रेलवे जोन की पटरियां दुरुस्त की गई हैं। अब इन पर ट्रेनों की गति 95 से बढ़ाकर 110 किमी प्रतिघंटा कर दी गई है। शुक्रवार को चांडिल-मुरी रेल सेक्शन में 120-125 किमी की रफ्तार पर किया गया निरीक्षण कामयाब रहा। आनेवाले समय में एलएचबी कोचयुक्त ट्रेन इन रेलवे ट्रैकों पर 130 किमी प्रतिघंटा की स्पीड से दौड़ेंगी। यह बातें दक्षिण पूर्व रेलवे के जीएम एसएन अग्रवाल ने शुक्रवार को बीएनआर रेलवे गेस्ट हाउस में कहीं।

वह अपने वार्षिक निरीक्षण के क्रम में रांची आए हैं। इस निरीक्षण में जोनल रेलवे के विभिन्न रेलखंडों समेत रांची मंडल की रेल पटरियों की जांच करते हुए रांची आए। उनके साथ दपू रेल के जोनल अधिकारी पीसीओएम एसके दास, पीसीसीएम जया वर्मा, पीसीपीओ जरीना फिरदौसी, सीएमडी पुरणमल, डिप्टी कमिश्नर एसके सिन्हा और अन्य अधिकारी थे।

उन्होंने कहा कि स्टेशनों में यात्री सुविधाएं, फुट ओवरब्रिज, प्लेटफार्म विस्तार और यात्री सुविधाओं के लिए काम किए जाएंगे। रांची में सीसीटीवी कैमरे अन्य प्लेटफार्मों पर भी बढ़ाए जाएंगे। हटिया के सभी प्लेटफार्म पर सीसीटीवी लगेंगे। यात्री सुविधाएं बढ़ेंगी।

जोनल स्तर के अधिकारी की नियुक्ति जल्द: राज्य सरकार की मांग पर पूरे झारखंड में रेलवे के विकास कार्यों के लिए जोनल ऑफिस की मांग पर जीएम ने कहा कि इसकी प्रक्रिया शुरू की जा रही है। जल्द ही रांची में जोनल स्तर के एक ऐसे पदाधिकारी की नियुक्ति की जाएगी जो झारखंड में पड़नेवाले सभी रेलवे जोन के निर्माण और विकास कार्यों पर सीधी नजर रखेंगे। वह अधिकारी सीधे तौर पर रेलवे बोर्ड को रिपोर्ट करेंगे। इससे झारखंड में रेल से संबंधित विकास कार्यों में तेजी आएगी।

विश्वस्तरीय स्टेशन बनाने का काम शीघ्र

जीएम ने कहा कि रांची स्टेशन को विश्वस्तरीय बनाने का काम रुका नहीं है। पिछले वर्ष दो बार इसके लिए टेंडर निकल चुका है। लेकिन टेंडर डालनेवाली कंपनियां रेलवे की भूमि की लीज अवधि बढ़ाना चाहती हैं। पहले यह 35 वर्ष था। इसलिए प्रक्रिया कुछ देर के लिए रुक गई है। रेलवे और कंपनियों में इस बिन्दु पर सहमति के बाद रांची स्टेशन को विश्वस्तरीय सुविधाओं वाला स्टेशन बनाने का कार्य शुरू हो जाएगा।

बुकिंग घोटाले में लिप्त कर्मियों का निलंबन वापस

अगस्त में हुए हटिया सामान्य टिकट बुकिंग घोटाले में लिप्त कर्मियों का निलंबन वापस हो गया है। सभी नौ क्लर्क काम पर लौट आए हैं। इन्हें हटिया से बाहर स्थानांतरित किया जाएगा। इन्हें दक्षिण रेलवे या अन्य रेल मंडलों में भेजा जाएगा।

राजधानी एक्स. के ठहराव का निर्णय बोर्ड के हाथ में

उन्होंने कहा कि भुवनेश्वर राजधानी एक्स. के मुरी में ठहराव का निर्णय बोर्ड के हाथों में है। वह अपनी ओर से पहले ही प्रस्ताव भेज चुके हंै। मुरी में राजधानी के ठहराव को रांची के पिछले दौरे में रेल मंत्री मनोज सिन्हा घोषणा कर चुके हैं।

रांची में कई विकास कार्य

उन्होंने बताया कि रांची स्टेशन के पास बेस किचन के लिए भूमि उपलब्ध करा दी है। ट्रेनों में खानपान की देखरेख के लिए आईआरसीटीसी का कार्यालय रांची में शुरू हो चुका है। आईआरसीटीसी की देखरेख में यह बेस किचन बनाने का काम होगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें