झारखंड में होगी नौकरियों की बरसात, 37 हजार पदों पर होगी नियुक्ति, देखें किस विभाग में कितनी रिक्तियां
झारखंड सरकार 37 हजार पदों पर नियुक्ति की तैयारी कर रही है। कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग ने विभिन्न विभागों की ओर से भेजी गई रिक्तियों की सूची तैयार की है। झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी...
झारखंड सरकार 37 हजार पदों पर नियुक्ति की तैयारी कर रही है। कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग ने विभिन्न विभागों की ओर से भेजी गई रिक्तियों की सूची तैयार की है। झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग को भेजे जा चुके नियुक्ति प्रस्तावों पर भी प्रक्रिया शुरू करने के लिए कहा गया है।
सबसे अधिक नियुक्ति स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग में 19 हजार 678 पदों पर होनी है। इनमें 18,699 पदों के लिए कर्मचारी चयन आयोग परीक्षा ले चुका है। जिलावार काउंसिलिंग कर परिणाम जारी किए जाएंगे। इसके बाद नियुक्ति होगी। मॉडल स्कूलों में स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षकों के 979 पदों के लिए भी नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होगी। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से अलग-अलग पदों के लिए कुल मिलाकर 5538 पदों पर नियुक्ति की अधियाचना भेजी गई है।
राज्य सरकार के सात विभागों ने अपने यहां की रिक्तियों के लिए नियुक्ति की कोई अधियाचना अभी तक नहीं भेजी है। इनमें सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग, मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग, भवन निर्माण विभाग और विधि विभाग शामिल हैं। झारखंड लोकसेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की ओर से चल रही 11 हजार नियुक्तियों की प्रक्रिया पर लगी रोक भी हटा दी गई है। दोनों आयोगों को सवर्ण आरक्षण लागू होने तक के लिए नियुक्ति प्रक्रिया रोक देने के लिए कहा गया था।
1745 पदों पर नियुक्ति
राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग में 1745 पदों पर नियुक्ति होगी। नगर विकास व आवास विभाग के 1939 पदों और श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के 1078 पदों पर भी नियुक्ति होनी है।
विभिन्न विभागों में रिक्तियां
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग
पद रिक्तियां
स्नातक प्रशिक्षित शिक्षक 18,699
मॉडल स्कूल शिक्षक 979
गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग
आईआरबी आरक्षी 2810
वायरलेस दारोगा 100
औद्योगिक बल में आरक्षी 172
विशेष शाखा में आरक्षी 1012
कक्षपाल पुरुष 1151
कक्षपाल पुरुष(बैकलॉग) 112
राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग
अंचल निरीक्षक 108
अमीन 169
राजस्व कर्मचारी 557
निम्नवर्गीय लिपिक 983
निम्नवर्गीय लिपिक(बैकलॉग) 132
अमीन 154
मुसंरिम 130
नगर विकास एवं आवास विभाग
कनीय अभियंता 345
निम्नवर्गीय लिपिक 261
सेनेटरी सुपरवाइजर 639
राजस्व निरीक्षक 180
श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण विभाग
निम्नवर्गीय लिपिक 152
अनुदेशक 779
कल्याण विभाग
प्रखंड कल्याण पदाधिकारी 139
स्नातक प्रशिक्षित शिक्षक 382
कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग
प्रखंड कृषि पदाधिकारी 222
कार्मिक विभाग
सचिवालय सहायक 104
सचिवालय नि. लिपिक 172
उद्योग एवं खान विभाग
वरीय अंकेक्षक 112
खाद्य एवं उपभोक्ता मामले विभाग
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी 274
पथ निर्माण विभाग
कनीय अभियंता 150
जलसंसाधन विभाग
जेई(सिविल) 205
ग्रामीण विकास विभाग
पंचायत सचिव 1687
परिवहन विभाग
निम्नवर्गीय लिपिक 100
उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग
उत्पाद सिपाही 518
महिला, बाल विकास विभाग
महिला पर्यवेक्षिका 208
सांख्यिकी सहायक 158
स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा विभाग
प्रयोगशाला प्रावैधिक 270
फार्मासिस्ट 296
परिचारिका 262
योजना सह वित्त विभाग
वरीय अंकेक्षक 112