ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊ बृज क्षेत्र के समुचित विकास का काम अच्छे से कराया जाए : योगी

बृज क्षेत्र के समुचित विकास का काम अच्छे से कराया जाए : योगी

राज्य मुख्यालय। विशेष संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कहना है कि समूचे बृज क्षेत्र का अच्छे से समुचित विकास का काम कराया जाए। ताकि ताकि पर्यटकों को कोई परेशानी न हो। इस क्षेत्र में हो...


बृज क्षेत्र के समुचित  विकास का काम अच्छे से कराया जाए : योगी
हिन्दुस्तान टीम,लखनऊThu, 07 Jun 2018 11:12 PM
ऐप पर पढ़ें

राज्य मुख्यालय। विशेष संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कहना है कि समूचे बृज क्षेत्र का अच्छे से समुचित विकास का काम कराया जाए। ताकि ताकि पर्यटकों को कोई परेशानी न हो। इस क्षेत्र में हो रहे निर्माण कार्यों में लोकल आर्किटेक्चर का ध्यान रखा जाए और इनमें वहां की संस्कृति भी प्रतिबिम्बित की जाए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को यहां शास्त्री भवन में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की की पहली बैठक में यह बात कही। उन्होंने कहा कि ब्रज तीर्थ के विकास के लिए कार्य योजना तैयार की जाए और इस पर फेजवाइज़ काम किया जाए। इस क्षेत्र के विकास में कारपोरेट सोशल रिस्पान्सिबिलिटी के तहत कराये जाने वाले कामों की पहचान कर ली जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के पर्यटन तथा संस्कृति मंत्रालयों की योजनाओं में आने वाली धनराशि का प्रयोग ब्रज तीर्थ विकास के लिए किया जाए। उन्होंने कहा कि पर्यटकों और परिक्रमार्थियों की सुविधा के लिए इस क्षेत्र के महत्वपूर्ण स्थलों पर विस्तृत सूचना पट लगाए जाएं, ताकि उन्हें पूरी जानकारी मिल सके। पूरे ब्रज क्षेत्र में पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाया जाए। पूरे ब्रज तीर्थ क्षेत्र की प्रकाश व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त की जाए। धर्मशालाएं और रैन बसेरे भी स्थापित किए जाएं। पर्यटकों की सुरक्षा के लिए टूरिस्ट पुलिस की तैनाती की जाए। साथ ही, जहां आवश्यक हो, वहां सुन्दर प्रवेश द्वारों का भी निर्माण कराया जाए। उन्होंने पूरे ब्रज तीर्थ क्षेत्र में साफ-सफाई के लिए निरन्तर सफाईकर्मी तैनात करने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी तीर्थ स्थलों पर पेयजल, साफ-सफाई तथा सुरक्षा का बहुत ध्यान रखा जाना चाहिए,उन्होंने कहा कि पर्यटकों की सुरक्षा और ट्रैफिक नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए पूरे ब्रज तीर्थ क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। बैठक के दौरान प्रमुख सचिव पर्यटन अवनीश कुमार अवस्थी ने परिषद द्वारा कराए जाने वाले प्रस्तावित कार्यों के बारे में जानकारी दी तथा उन्हें बोर्ड के सामने अनुमोदन के लिए रखा। उन्होंने ब्रज तीर्थ विकास परिषद, के कामों को कराने के लिए मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण, मथुरा को कार्यदायी संस्था नामित किए जाने का भी प्रस्ताव दिया। साथ ही, ब्रज विकास योजना तैयार करने के लिए एक कंसल्टेण्ट की नियुक्ति के सम्बन्ध में विचार किया गया। ऐतिहासिक स्थलों पर हेरिटेज वाक की स्थापना के लिए सलाहकार की नियुक्ति के सम्बन्ध में भी प्रस्ताव दिया गया। मुख्यमंत्री ने इन प्रस्तावों पर शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मथुरा के तीर्थ स्थलों पर केन्द्रित एक फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया। बैठक के दौरान ऊर्जा मंत्री श्रीकान्त शर्मा, धर्मार्थ कार्य एवं संस्कृति मंत्री लक्ष्मी नारायण चैधरी, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एसपी गोयल व बोर्ड के अध्यक्ष शैलेजा कांत मिश्र सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें