ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंडसप्ताहभर मनेगा राज्य स्थापना का जश्न, पढ़िए क्या होगा खास

सप्ताहभर मनेगा राज्य स्थापना का जश्न, पढ़िए क्या होगा खास

उत्तराखंड राज्य स्थापना के 19वें साल को सरकार कुछ अलग अंदाज में मनाने जा रही है। इसके तहत राज्य स्थापना सप्ताह के जरिए सरकार देश-विदेश में रह रहे प्रवासी उत्तराखंडियों के साथ मंथन कर विकास की नई नींव...

सप्ताहभर मनेगा राज्य स्थापना का जश्न, पढ़िए क्या होगा खास
लाइव हिन्दुस्तान टीम, देहरादूनTue, 29 Oct 2019 01:50 PM
ऐप पर पढ़ें

उत्तराखंड राज्य स्थापना के 19वें साल को सरकार कुछ अलग अंदाज में मनाने जा रही है। इसके तहत राज्य स्थापना सप्ताह के जरिए सरकार देश-विदेश में रह रहे प्रवासी उत्तराखंडियों के साथ मंथन कर विकास की नई नींव रखने जा रही है।  मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने बताया कि सरकार बीते कई वर्षों से नौ नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के रूप में मनाती आ रही है। इस वर्ष स्थापना दिवस के साथ राज्य स्थापना सप्ताह मनाने का निर्णय लिया गया है। इन कार्यक्रमों की थीम रिवर्स पलायन पर आधारित होगी।

इस संबंध में देहरादून, पौड़ी, अल्मोड़ा और टिहरी के डीएम को भेजे पत्र में मुख्य सचिव ने कहा कि इन कार्यक्रमों में विभिन्न विषयों पर सामूहिक चर्चा और वैचारिक मंथन पर आयोजित कार्यक्रम किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में प्रवासी उत्तराखंडियों, जो देश के विभिन्न हिस्सों में कार्यरत हैं या रह रहे हैं, उन्हें गांवों से जोड़ने के लिए सरकार संकल्पित है।मुख्य सचिव ने बताया कि इन कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत के साथ ही केंद्रीय  मंत्री और अति विशिष्ट महानुभाव भी शिरकत करेंगे। अभी तक राज्य स्थापना दिवस पर मुख्य समारोह के साथ कवि सम्मेलन कराने की परंपरा थी। त्रिवेंद्र सरकार लीक से हटकर राज्य स्थापना सप्ताह कार्यक्रम करने जा रही है, ताकि प्रवासी उत्तराखंडियों का अपनी मूल माटी से जुड़ाव और गहरा बन सके।

कब-कहां होंगे क्या कार्यक्रम 
तिथि         कार्यक्रम                       स्थान

03 नवंबर    आवा आपुण घौर                टिहरी
04 नवंबर    मेरे सैनिक मेरा अभिमान    देहरादून
06 नवंबर    महिला सम्मेलन               श्रीनगर
07 नवंबर    मेरे युवा मेरी शान             अल्मोड़ा
08 नवंबर    फिल्म कॉन्क्लेव               मसूरी
09 नवंबर    मुख्य समारोह                  देहरादून

इस बार राज्य स्थापना दिवस बेहद खास होगा। प्रवासी उत्तराखंडियों के साथ युवाओं, महिलाओं तथा किसानों  के बीच अलग-अलग जगहों पर वैचारिक मंथन से समृद्ध और सुदृढ़ उत्तराखंड के निर्माण की नींव रखेंगे। सरकार उन सभी कार्यों में जुटी 
है, जो भविष्य में मील का पत्थर साबित होंगे। 
त्रिवेंद्र रावत, मुख्यमंत्री
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें